एक्टर अली फजल
- फोटो : amar ujala
अली फजल के हाथ लगी एक और हॉलीवुड फिल्म, 'वंडर वुमन' के साथ आएंगे नजर
मिर्जापुर में गुड्डू भईया के किरदार से सबके चहेते बन चुके अली फजल जल्द ही हॉलीवुड एक्ट्रेस गैल गैडट के साथ स्क्रीन साझा करते हुए नजर आएंगे। अली इससे पहले फास्ट एंड फ्यूरियस 7 और विक्टोरिया एंड अब्दुल जैसी हॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वहीं गैल गैडट दुनिया भर में वंडर वुमन का किरदार निभाने के लिए जानी जाती हैं। दोनों कलाकार अगाथा क्रिस्टी के नॉवल, डेथ ऑन द नाइल के आधुनिक रूपांतरण में स्क्रीन साझा करने के लिए तैयार हैं। फिल्म का निर्देशन केनेथ ब्रानघ कर रहे हैं। इससे पहले वह थोर सीरीज, हैमलेट, ऐज यू लाइक इट, मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। यह फिल्म अगाथा क्रिस्टी के नॉवल डेथ ऑन द नाइल पर आधारित है।
इसमें हरक्यूल पोयरोट नील नदी में एक क्रूज शिप पर होने वाले कुछ रहस्यमयी घटना और इसके बाद होने वाले कत्ल को तहकीकात करते हैं। छान बीन के आगे बढ़ने के साथ-साथ कई लोग शक के दायरे में आते हैं। फिर इनमें से कुछ की मौत हो जाती है जिसके बाद तो यह रहस्य और भी गहरा हो जाता है। यह फिल्म ट्वेंटीथ सेंचुरी फॉक्स सीरीज का एक हिस्सा है जो इससे पहले भी सफल फिल्में बना चुका है। इसमें मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस भी शामिल है जिसने पूरी दुनिया के बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसा कमाया।
इस फिल्म में भी पेनेलोप क्रूज, जॉनी डेप और इसी तरह के बड़े कलाकार मौजूद थे। इससे पहले 1978 में बेट्टे डेविस, मैगी स्मिथ, मिया फैरो, जैसे लीजेंड्स के साथ डेथ ऑन द नाइल फिल्म बनाई गई थी। फिल्म की शूटिंग इस महीने के आखिर में लंदन और यूरोप के कुछ हिस्सों में शुरू होगी। इस बारे में बात करते हुए अली ने कहा कि मैं भी इस शानदार सफर का हिस्सा बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ। मैं और मेरी मां हमेशा से अगाथा क्रिस्टी नॉवल्स के बहुत बड़े फैन रहे हैं।