बॉलीवुड में अपनी बेहतरीन अदाकारी से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले राजेंद्र कुमार तुली की 20 जुलाई को बर्थ एनिवर्सरी है। राजेंद्र कुमार ने करीब चार दशक तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया। यहां तक कि राजेंद्र कुमार को 60 के दशक का सबसे बेहतरीन एक्टर माना जाता था। हिंदी सिनेमा में 'जुबली कुमार' का खिताब पाने वाले एक्टर राजेंद्र कुमार तुली का जीवन काफी संघर्षों वाला रहा। 'जुबली कुमार' के जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ खास बातें बताने जा रहे हैं...
पुलिस विभाग में मिल गई थी नौकरी
राजेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ भारत आ गए थे। यहां उनके पिता ने कपड़ों का व्यापार शुरू किया था, जो अच्छा चल गया। इसके बाद राजेंद्र की नौकरी भी पुलिस विभाग में लग गई, वो भी सब-इंस्पेक्टर के पद पर। लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। राजेंद्र के एक दोस्त ने उन्हें फिल्मी दुनिया के सपने दिखाए और मुंबई आकर एक्टिंग करने को कहा। वैसे तो राजेंद्र कुमार का बचपन का सपना था एक्टर बनने और दोस्त की बातों ने सपनों को हवा देने का काम कर दिया। वो पुलिस की ट्रेनिंग में जाने से दो दिन पहले ही मुंबई भाग गए। जब वह मुंबई पहुंचे तो असलियत का पता चला। दोस्त भी वहां संघर्ष कर रहा था। दोस्त से मिले धोखे की वजह से राजेंद्र कुमार काफी आहत हुए और उन्होंने शर्म के मारे घर वापस ना जाने का फैसला किया। फिर यहीं से राजेंद्र कुमार का फिल्मों में जाने का संघर्ष शुरू हुआ। अगर राजेंद्र कुमार फिल्मों में नहीं आते तो वो एक पुलिस वाले होते और अपराधियों के पीछे भाग रहे होते।