Amitabh Bachchan,Pran
- फोटो : amar ujala mumbai
विश्वामित्र आदिल का नाम हर वह शख्स जानता पहचानता है जिसने 70 के दशक में विविध भारती पर प्रायोजित कार्यक्रम 'इंस्पेक्टर ईगल' सुना है। ईगल फ्लास्क के लिए बना ये कार्यक्रम इतना हिट हुआ और लोग इतनी बेसब्री से इसका इंतजार करते थे कि बाद में विश्वामित्र आदिल ने इस पर एक फिल्म भी बना डाली। ये वो दौर था जब रेडियो पर प्रायोजित कार्यक्रमों की भरमार हुआ करती थी, जैसे 'मोदी के मतवाले राही', 'बिनाका गीतमाला', 'एस कुमार्स का फिल्मी मुकदमा' आदि। इंडिया टीवी पर प्रसारित होने वाला कार्यक्रम 'आपकी अदालत' दरअसल 'एस कुमार्स का फिल्मी मुकदमा' का ही टीवी रूपातंरण है। विश्वामित्र आदिल ने सिनेमा में भी खूब नाम कमाया और 'हाउस नं. 44', 'शारदा', 'आशिक', 'आरती', 'शागिर्द', 'फर्ज', 'प्यार की कहानी', 'छोटी बहू' और 'कीमत' जैसी फिल्मों के संवाद लिखे। 'आरती' और 'छोटी बहू' की तो पटकथा भी आदिल की ही लिखी हुई है।