‘पानी’ की शूटिंग को लेकर जारी यशराज की प्रेस रिलीज
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जिस फिल्म पानी को लेकर शेखर कपूर लगातार सोशल मीडिया पर अपना दर्द उड़ेल रहे हैं, वह फिल्म यशराज फिल्म्स के एलान के मुताबिक 2013 के मध्य में फ्लोर पर नहीं गई। बल्कि इसकी बजाय यशराज फिल्म्स ने सुशांत को लेकर एक फिल्म शुरू कर दी डिटेक्टिव व्योमकेश बख्शी। निर्देशक दिबाकर बनर्जी की ये फिल्म 2015 में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इस फिल्म के बाद से ही यशराज फिल्म्स के प्रोजेक्ट पानी की चर्चा बंद हो गई। तब से इस बात को पांच साल हो चुके हैं और शेखर कपूर ने सुशांत के निधन से पहले इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा बिरले ही की।
सूत्र बताते हैं कि सुशांत और यशराज फिल्म्स के बीच तल्खी फिल्म डिटेक्टिव व्योमकेश बख्शी के फ्लॉप होने और इसी समय उन्हें फिल्म एम एस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी में लीड रोल मिलने के साथ शुरू हुई। सुशांत इससे पहले यशराज फिल्म्स के कहने पर आमिर खान की फिल्म पीके में एक छोटा सा रोल सरफराज का कर चुके थे और उनके मुताबिक उनका तीन फिल्मों का करार इसी के साथ पूरा हो चुका था और वह बाहर की कोई भी फिल्म करने को स्वतंत्र थे।
फिल्म पानी की शूटिंग 2013 के मध्य से शुरू होने की बात करने वाली यशराज फिल्म्स की प्रेस रिलीज में ये भी लिखा है कि इसमें हीरो तो भारतीय होना था लेकिन इसकी हीरोइन पश्चिम से यानी हॉलीवुड की होनी थी। पानी को लेकर भविष्य में मचने वाले बवाल पर आधारित इस फिल्म की कहानी का जिक्र भी इस रिलीज में किया गया है। इस रिलीज को जारी करने वाले रफीक गंगजी तब यशराज फिल्म्स के मार्केटिंग और कम्यूनिकेशंस हेड हुआ करते थे, अब वह इस कंपनी का हिस्सा नहीं हैं।