निर्देशक: राजकुमार गुप्ता
कास्ट: अजय देवगन, इलियाना डीक्रूज, सौरभ शुक्ला, सानंद वर्मा
अवधि: 2 घंटा 8 मिनट
रेटिंग: 3.5 स्टार
जब आपको बॉलीवुड थ्रिलर फिल्मों से शिकायत होने लगे और फिल्मों में वही घिसी पिटी कहानी सी दिखने लगे तो इसी बीच एक फिल्म आती है 'रेड'। जो आपकी सारी शिकायतों को दूर कर देती है। जबरदस्त एक्टिंग, दमदार स्क्रिप्ट और कसी हुई एडिटिंग का एक बेहतरीन मिश्रण है फिल्म 'रेड'। फिल्म देखते हुए आप सोचने लग जाते हैं कि आखिर निर्देशक राजकुमार गुप्ता इतने सालों से कहां थे। इससे पहले राजकुमार गुप्ता ने 'घनचक्कर' फिल्म की थी जो बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी, हालांकि उन्होंने 'आमिर' और 'नो वन किल्ड जेसिका' जैसी फिल्में की हैं जिसने क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों की भी खूब वाहवाही लूटी। अब एक बार फिर राजकुमार गुप्ता ने वापसी की है 'रेड' के जरिए, जो कि एक पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म है।