#MeToo के तहत फंसे एक्टर आलोक नाथ के लिए मुश्किलें और बढ़ गई है। प्रोड्यूसर और लेखिका विंटा नंदा के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने के बाद से आलोक नाथ सुर्खियों में आ गए थे। ऐसे में आलोक की पत्नी ने भी विंटा पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया था।
वहीं, विंटा भी कानूनी पचड़े में पड़ने को पूरी तरह से तैयार हैं। इसी के चलते उन्होंने बुधवार को आलोक नाथ के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी को भी इस मामले में पत्र लिख न्याय की मांग की। बता दें कि मुंबई में सिंटा की प्रेस कांफ्रेंस हो रही है। इसमें बॉलीवुड से #MeToo के तहत सामने आए नामों के खिलाफ कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
पुलिस स्टेशन के बाहर विंटा ने बताया कि 'मैंने एक्टर आलोक नाथ के खिलाफ पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है और मुझे पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया है साथ ही वह मेरा बयान भी रिकॉर्ड करेंगे, मुझे पुलिस और कानून पर पूरा भरोसा है, 19 साल के ट्रॉमा के बाद मैंने यह शिकायत दर्ज करवाई है।'
उधर, आलोक नाथ की ओर से कोर्ट में दायर हुआ मानहानि का मामला भी संज्ञान में लिया गया। लेकिन सुनवाई के लिए कोर्ट ना पुहंचे एक्टर आलोक नाथ पर जज ने नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने कहा कि 'सुनावई के लिए एक्टर आलोक नाथ कोर्ट में क्यों नही आए।'