फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल में सुराख लिए दिलों को भेदने वाली थीं मधुबाला, ऑल टाइम ग्रेटेस्ट एक्ट्रेस में रहीं टॉप पर

Thu, 14 Feb 2019 07:18 AM IST
sapna singla बीबीसी हिंदी
विज्ञापन
1 of 10
मधुबाला
आज हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री मधुबाला का जन्मदिन है। मधुबाला का जन्म 14 फरवरी 1933 को हुआ था। 23 फरवरी 1969 को दिल की एक बीमारी की वजह से महज 36 साल की उम्र में हिंदी फिल्मों की इस बेहद खूबसूरत हीरोइन ने दुनिया को अलविदा कह दिया। मोहक, खूबसूरत, दिलकश और ताज़गी से भरपूर, जिसके चेहरे से नूर टपकता रहा हो, तो आप मधुबाला के अलावा शायद ही किसी दूसरे चेहरे के बारे में सोच पाएं। मधुबाला के साथ ही अपना डेब्यू करने वाले राजकपूर ने मधुबाला के बारे में एक बार कहा था लगता है कि ईश्वर ने खुद अपने हाथों से संगमरमर से उन्हें तराशा है।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 10
मधुबाला
पेंगुइन इंडिया से प्रकाशित और भाईचंद पटेल की संपादित बॉलीवुड टॉप 20- सुपरस्टार्स ऑफ़ इंडिया में राजकपूर का ये बयान दर्ज है। इसी पुस्तक के मुताबिक शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने अपने फिल्मी जगत में काम करने के दिनों को याद करते हुए कहा कि जब एक दिन उन्होंने शूटिंग करते हुए मधुबाला को देखा था उन्हें लगा कि उनका दिन बन गया। शम्मी कपूर ने अपनी ऑटोबोयोग्राफी शम्मी कपूर द गेम चेंजर में एक पूरा चैप्टर मधुबाला को समर्पित किया है। इसका शीर्षक है- फेल मेडली इन लव विद मधुबाला। शम्मी कपूर इसमें कहते हैं- मैं ये जानता था कि मधु किसी और के प्यार में हैं, लेकिन इसके बाद भी मैं ये स्वीकार करना चाहता हूं कि मैं उनसे पागलों की तरह प्यार करने लगा था। इसके लिए किसी को दोष नहीं दिया जा सकता था, क्योंकि मैं ने उनसे खूबसूरत औरत कभी नहीं देखी।
 
विज्ञापन

3 of 10
madhubala
महज 36 साल की उम्र, जीवन के आखिरी नौ साल अपने घर में कैद हो कर रहने की मजबूरी और केवल 66 फिल्में लेकिन मधुबाला ने इन सबसे वो मुकाम हासिल कर लिया जो उन्हें हमेशा हमेशा के लिए अमर कर गया। जन्म से ही मधुबाला के दिल में छेद था और डॉक्टरों के मुताबिक उस बीमारी में उन्हें बहुत ज्यादा आराम की जरूरत थी लेकिन मधुबाला के पिता ने उन्हें ऐसी दुनिया में धकेला हुआ था जहां उन्हें लगातार काम करना पड़ा था। महज छह साल साल की उम्र से मधुबाला ने मायानगरी में अपने कदम रख दिए थे। मधुबाला के फिल्मी जीवन पर खतीजा अकबर ने आई वांट टू लिव- द स्टोरी ऑफ मधुबाला लिखी है। इस पुस्तक से गुजरने के दौरान पता चलता है कि मधुबाला की ख़ूबसूरती ने उनके अभिनय के प्रति अनुशासन और सीखने की लगन को कभी कम नहीं होने दिया।

4 of 10
madhubala
मधुबाला उस दौर में फिल्मी दुनिया की इकलौती कलाकार थीं जो समय से पहले सेट पर मौजूद होती थीं हालांकि स्वास्थ्य कारणों से वो रात में शूटिंग नहीं किया करती थीं और अपने पूरे करियर में उन्होंने कभी आउटडोर शूटिंग में हिस्सा नहीं लिया। इसके बावजूद मधुबाला अपने समय की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार होती रहीं। काम के प्रति उनके परफैक्शन की मिसाल देखनी हो तो मुगले आजम फिल्म के वो प्रेम दृश्यों को देखिए जिसमें शहजादा सलीम, अनारकली को मोर के पंखों से छेड़ता है। इस दृश्य को भारतीय सिने संसार के सबसे रोमांटिक दृश्यों में शुमार किया जाता है। ये जानना दिलचस्प है कि इन दृश्यों के अलावा भी मुगले आज़म के तमाम प्रेम दृश्यों के वक्त दिलीप कुमार और मधुबाला की आपसी बातचीत बंद थी।
विज्ञापन

5 of 10
madhubala
दोनों को एक समय में भारतीय फिल्म इतिहास की सबसे रोमांटिक जोड़ी माना जाता था, दोनों एक दूसरे से प्यार भी करते थे। 1955 में पहली बार फिल्म इंसानियत के प्रीमियर के दौरान मधुबाला दिलीप कुमार के साथ सार्वजनिक तौर पर नजर आईं थीं। ये पहला और इकलौता मौका था जब दिलीप कुमार और मधुबाला एक साथ सार्वजनिक तौर पर साथ नजर आए थे। इस मौके को कवर करने वाले पत्रकार के. राजदान ने बाद में लिखा था कि मधुबाला इससे ज़्यादा ख़ुश पहले कभी नजर नहीं आई थीं। रॉक्सी सिनेमा में हुए इस प्रीमियर में मधुबाला हमेशा दिलीप कुमार के बांह थामे हुए नजर आती रहीं। शम्मी कपूर ने इस बात का जिक्र भी किया है कि किस तरह से दिलीप कुमार केवल मधुबाला को देखने के लिए मुंबई से पूना तक कार चला कर आया करते थे और दूर खड़े होकर मधुबाला को देखा करते थे।
विज्ञापन

6 of 10
Madhubala

दिलीप के मुताबिक मधुबाला का रुझान हमेशा अपने पिता की तरफ रहा और वो कहती रहीं कि शादी होने के बाद सबकुछ ठीक हो जाएगा। ऐसा भी नहीं था कि दिलीप शादी के लिए तैयार नहीं थे, 1956 में ढाके की मलमल फ़िल्म की शूटिंग के दौरान एक दिन उन्होंने मधुबाला से कहा भी काज़ी इंतज़ार कर रहे हैं चलो मेरे घर आज शादी कर लेते हैं लेकिन उनकी बातों पर मुधबाला रोने लगीं। दिलीप कुमार कहते रहे कि अगर आज तुम नहीं चली तो मैं तुम्हारे पास लौटकर नहीं आऊंगा, कभी नहीं आऊंगा। दिलीप कुमार उसके बाद मधुबाला के पास नहीं लौटे। क्योंकि दोनों के बीच 1957 में ऐसा विवाद हो गया जिसकी आंच ने इस मोहब्बत को असमय खत्म कर डाला। 1957 में प्रदर्शित नया दौर फिल्म के लिए दिलीप कुमार और मुधबाला को निर्देशक बीआर चोपड़ा ने साइन किया। इस फिल्म की आउटडोर शूटिंग पूना और भोपाल में होनी थी, लेकिन मधुबाला के पिता ने मधुबाला को भोपाल भेजने से इनकार कर दिया। तब तक बीआर चोपड़ा अपनी फ़िल्म की काफी शूटिंग कर चुके थे।

विज्ञापन

7 of 10
Madhubala
पेशे से वकील रह चुके बीआर चोपड़ा मामले को कोर्ट में ले गए और इस बीच उन्होंने मधुबाला की जगह वैजयंती माला को साइन कर लिया। इसी मामले की सुनवाई के दौरान दिलीप कुमार ने कोर्ट में कहा था कि वे मधुबाला से मोहब्बत करते हैं और उनके मरने तक तक मोहब्बत करते रहेंगे लेकिन उन्होंने अपना बयान बीआर चोपड़ा के पक्ष में दिया था। दिलीप कुमार ने अपनी आत्मकथा में इसके बारे में लिखा है कि उन्होंने अपनी ओर से सुलह की बहुत कोशिश की थी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ था और पूरे मामले में बीआर चोपड़ा का पक्ष सही था। इसके बाद मधुबाला को यकीन हो गया कि दिलीप कुमार उनके पास कभी नहीं लौटेंगे।

8 of 10
kishore kumar second wife madhubala

इस अलगाव के चलते ही मधुबाला ने शादी करने का मन बनाया होगा लेकिन वो किशोर कुमार से एक दिन शादी कर लेंगी, इसका भरोसा किसी को नहीं था लेकिन जिस वक्त मधुबाला और दिलीप कुमार की राहें अलग होने लगी थीं, उसी वक्त किशोर कुमार का अपनी पहली पत्नी रोमा देवी से तलाक हुआ था और दोनों एक साथ कई फिल्मों में काम कर रहे थे। इस वजह से दोनों के बीच एक आकर्षण हुआ हो और 1960 में किशोर कुमार और मधुबाला ने आपस में शादी कर ली। किशोर कुमार के साथ शादी के फैसले ने मधुबाला को दिलीप कुमार से अलग होने के तुलना में कहीं ज़्यादा अघाता पहुंचाया। किशोर कुमार को मधुबाला की बीमारी के बारे में पता तो था लेकिन उसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं था। वे मधुबाला को इलाज के लिए लंदन ले गए, जहां डॉक्टरों ने जवाब देते हुए कहा कि अब ज्यादा से ज्यादा मधुबाला एक से दो साल ही जी पाएंगी।

9 of 10
Kishore And Madhubala
इसके बाद किशोर कुमार जब लौटे तो उन्होंने मधुबाला को उनके पिता और बहनों के पास छोड़ आए और कहा कि वे इतने व्यस्त रहते हैं कि मधुबाला की देखभाल नहीं कर पाऐेंगे। वो मधुबाला से मिलने के लिए आते जरूर रहे लेकिन तीन चार महीनों के अंतराल पर यानी जब मधुबाला को किशोर कुमार के साथ की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब किशोर कुमार के पास उनके लिए समय ही नहीं था। ऐसे में दिल की बीमारी बढ़ती गई लेकिन मधुबाला के अंदर जीने की इच्छा काफी भरी हुई थी, लिहाजा वो डॉक्टरों के हाथ खड़े करने के बाद नौ साल तक जीवित रहीं लेकिन जीवन के आखिरी नौ साल उन्होंने बेहद एकाकी में गुजारे। इस दौरान बेहद गिने चुने लोग ही उनका हाल चाल जानने के लिए उनके घर जाते रहे थे। इसमें दिलीप कुमार का परिवार भी शामिल था।
विज्ञापन

10 of 10
madhubala
बीमारी ने मधुबाला के आत्मबल को कमजोर किया था, तभी अपने अंतिम दिनों में वो मेकअप करने लगीं थीं। हालांकि अपने पूरे फिल्मी करियर के दौरान वो काफ़ी कम मेकअप करने के लिए मशहूर रही थीं। उनकी जिस खूबसूरती का बॉलीवुड में कभी डंका बजता था, उस दुनिया ने उन्हें भुला दिया लेकिन वो भारतीय सिने प्रेमियों के दिलों पर राज करती रहीं। भारतीय डाक सेवा ने 18 मार्च, 2008 को मधुबाला की याद में एक डाक टिकट जारी किया था, इस मौके पर फिल्म अभिनेता मनोज कुमार ने कहा था, मधुबाला देश का चेहरा थीं। शताब्दी में कोई एक मधुबाला ही हो सकती हैं। जब भी उन्हें मैं देखता था तो मेरे दिल में गजल गूंजने लगती थी। वाकई में मधुबाला कोई दूसरी नहीं हो सकती थीं, जिसकी तस्वीर देखने मात्र से दिलों में संवेदनाओं के तार झंकृत होने लगते हों। हमारे भी और आपके भी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें