विजय देवरकोंडा ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस खबर को साझा करते हुए लिखा, "खुशी, हंसी, प्यार और पारिवारिक बंधन का एक विस्फोट है 'कुशी'; जो तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में 23 दिसंबर को वर्ल्डवाइड रिलीज होगी। तो इस क्रिसमस और नए साल में खुशी फैलाएं। आपके और आपके परिवार वालों के लिए एक महाकाव्य रोमांटिक कॉमेडी बन रही है।"
सामंथा और विजय की फिल्म का पोस्टर देख उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हो गए हैं। यूजर्स उनकी पोस्ट पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने लिखा, "सैमी और आप एक साथ बहुत अच्छे लग रहे हैं"। एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी की, "वाह इंतजार नहीं कर सकता"।
गौरतलब है कि 'कुशी' का नाम पहले 'वीडी 11' रखा गया था। फिल्म की शूटिंग फिलहाल कश्मीर में चल रही है। कश्मीर के बाद, सामंथा और विजय फिल्म के आगामी शेड्यूल के लिए हैदराबाद, विजाग और एलेप्पी जा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले विजय देवरकोंडा और सामंथा रूथ प्रभु, अभिनेत्री सावित्री के जीवन पर आधारित फिल्म 'महानती' में एक साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म में कीर्ति सुरेश ने सावित्री की भूमिका निभाई थी और उन्हें इसके लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।