किसी भी फिल्म में एक या दो मुख्य किरदार होते हैं, जिसे हीरो-हीरोइन निभाते हैं। इसके अलावा अन्य सपोर्टिव रोल होते हैं। अगर, किसी कलाकार में प्रतिभा हो तो वह इन सपोर्टिव रोल से भी अपनी अच्छी पहचान बनाने में सफल होता है। इसका एक उदाहरण अभिनेता कुमुद मिश्रा हैं। मूल रूप से मध्य प्रदेश के इस अभिनेता ने अपनी एक्टिंग के बूते मायानगीर में अपना सिक्का जमाया है। अभिनेता और थिएटर आर्टिस्ट कुमुद मिश्रा ने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक अपने अभिनय से हर किरदार में जान फूंकी है। वह फिल्म 'फिरंगी', 'एम.एस धोनी', 'रुस्तम', 'एयरलिफ्ट', 'बैंगिस्तान', 'रिवॉल्वर रानी', 'जॉली एलएलबी 2', 'रांझणा', 'बदलापुर', 'सुल्तान', 'टाइगर जिंदा है', 'मुल्क', 'आर्टीकल 15', 'भारत' और 'थप्पड़' समेत कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। जल्द ही वह आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म 'अनेक' में नजर आएंगे। यह फिल्म 27 मई को रिलीज होगी। इस रिपोर्ट में जानते हैं कुमुद मिश्रा के कुछ दमदार किरदारों के बारे में...