साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'केजीएफ: चैप्टर 2' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। 2018 में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली पैन इंडिया फिल्म 'केजीएफ' के सीक्वल ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। 2015 में जब 'केजीएफ' के निर्देशक प्रशांत नील ने कन्नड़ सिनेमा के एक छोटे से प्रोजेक्ट के रूप में 'केजीएफ: चैप्टर 1' की शुरुआत की थी, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि यह फिल्म एक दिन रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड्स तोड़ देगी। इसके मुख्य कलाकार यश के मन में भी यह ख्याल कभी नहीं आया होगा कि 'केजीएफ' उन्हें कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार से पूरी दुनिया का 'रॉकी भाई' बना देगी।
यदि हम कन्नड़ सिनेमा के एक छोटे से प्रोजेक्ट के रूप में शुरू होने वाली इस फिल्म के पैन इंडिया सफलता हासिल करने की बात करें तो इसका श्रेय निर्देशक प्रशांत नील और अभिनेता यश के अलावा इसकी कास्टिंग को भी जाता है। माना इस फिल्म की शुरुआत कन्नड़ प्रोजेक्ट के तौर पर हुई थी, लेकिन इस फिल्म में अभिनय करने वाले कलाकार जरूरत के मुताबिक कन्नड़, तेलुगू, हिंदी, तमिल और मलयालम सिनेमा से भी कास्ट किए गए थे। जी हां, प्रशांत नील ने फिल्म को पैन इंडिया बनाने के लिए इसकी कास्टिंग भी पैन इंडिया से की थी। इस रिपोर्ट में जानें पूरी कहानी...