कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री ने एक बार फिर सिनेमा जगत को ऐसी करिशमाई फिल्म से नवाजा है, जो सभी का दिल जीत रही है। हम बात कर रहे हैं हाल ही में रिलीज हुई ऋषभ शेट्टी की धमाकेदार फिल्म 'कांतारा' की। इस एक्शन और थ्रिल से भरी कहानी ने सभी भारतीय दर्शकों को पूरी तरह से आकर्षित किया है। अपनी शानदार कहानी और शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म दर्शकों और समीक्षकों सभी का दिल जीतने में सफल रही है। धनुष, प्रभास, और कंगना रणौत जैसी कई हस्तियां भी फिल्म की प्रस्तुति से काफी प्रभावित हुई हैं। अब फिल्म के प्रशंसकों की लिस्ट में एक नाम और जुड़ गया है और यह और कोई नहीं बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के मेगास्टार रजनीकांत हैं।