हिंदी सिनेमा को तमिल, तेलुगू के बाद अब कन्नड़ सिनेमा ने हिलाकर रख दिया है। कहां तो हिंदी सिनेमा पूरे देश के सिनेमावालों के बीच बड़े भाई सा इतराता फिरता था और फिरे भी क्यों ना आखिर उसका जोर ही कुछ ऐसा था। कुल सौ रुपये बॉक्स ऑफिस पर आते थे तो उनमें से हिंदी फिल्मों का हिस्सा 55 रुपये का होता था। लेकिन बीते दो साल ने हिंदी सिनेमा की इज्जत पूरी मिट्टी में मिला कर तब रख दी जब पता चला कि इन सौ रुपयो में अब हिंदी सिनेमा की हिस्सेदारी सिर्फ 27 रुपये की और तेलुगू की 28 की हो चली है। हिंदी सिनेमा को फिर से आगे ले जाने की जिम्मेदारी शुरू से हीरो नंबर वन की रही है। हीरो नंबर वन अब रणवीर सिंह है और अब वो ला रहे हैं अपनी झागदार, शानदार, जोरदार फिल्म, ‘जयेशभाई जोरदार’।