फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जावेद जाफरी के ये हैं 10 किरदार, इन्होंने ही बनाया एक डांसिंग कलाकार को आल टाइम फेवरेट स्टार

Wed, 04 Dec 2019 06:05 PM IST
शिप्रा सक्सेना मुंबई डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
कुछ अभिनेता ऐसे भी होते हैं, जिनका किरदार तो फिल्म में मुख्य नहीं होता, लेकिन जिनका अभिनय मुख्य भूमिका वाले किरदार को भी फीका कर देता है। अभिनेता जावेद जाफरी उनमें से ही एक हैं। वह एक ऐसे कलाकार हैं जिनको, अगर किसी फिल्म में ठीक-ठाक किरदार मिल गया तो आप पूरी फिल्म सिर्फ उनके लिए भी देख सकते हैं। अपनी अदाकारी का लोहा तो उन्होंने बड़े-बड़े अभिनेताओं के बीच में भी मनवाया है। जावेद सिर्फ एक अच्छे अभिनेता ही नहीं हैं। इसके अलावा वह बहुत अच्छा नाचते हैं, गाते हैं, शोज होस्ट करते हैं, एंकरिंग करते हैं। वह निर्माता हैं, निर्देशक भी हैं। जावेद के जन्मदिन पर आइए आपको बताते हैं 10 ऐसे किरदारों के बारे में जिनकी वजह से जावेद ने अपना नाम रौशन किया।
विज्ञापन

2 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार: विक्रम ठकराल
मेरी जंग (1985)

वर्ष 1985 में आई फिल्म 'मेरी जंग' एक कोर्टरूम ड्रामा फ़िल्म है। इसी फिल्म से जावेद जाफरी ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इस फिल्म को हिंदी फिल्मों के जाने माने निर्देशक सुभाष घई ने निर्देशित किया है। इस फिल्म में एक बेटा अपने पिता को निर्दोष साबित करने के लिए वकील बनकर उनका केस लड़ता है। इसमें जावेद जाफरी ने विक्रम ठकराल का किरदार निभाया है, जो कि विलेन जी. डी. ठकराल का बेटा है। उसका शौक नाचना है। इसके साथ ही वह फिल्म मुख्य किरदारों में से एक अरुण वर्मा की बहन पिंकी वर्मा से प्यार का झूठा खेल खेलता है। इस फिल्ममें उनके अभिनय और एक गाने 'बोल बेबी बोल रॉक एन रोल' पर किये गए नृत्य की बहुत तारीफ हुई। उस समय की पीढ़ी को इस डांस नंबर से काफी प्रेरणा मिली। फिल्म के मुख्य कलाकार अनिल कपूर, मीनाक्षी, अमरीश पुरी, जावेद जाफरी आदि हैं।
विज्ञापन

3 of 11
जावेद जाफरी - फोटो : file photo
किरदार:  रवि वर्मा
जवानी जिंदाबाद (1990)

साल 1990 में आई फिल्म 'जवानी जिंदाबाद' एक परिवारिक ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन अरुण भट्ट ने किया है। यह फिल्म समाज में फैली दहेज प्रथा के कुरूप होने का प्रमाण देती है। फिल्म में एक भाई शशि अपनी बहन रमा की शादी में दिए जाने वाले दहेज का विरोध करता है। वह रवि से अपनी बहन की शादी बिना दहेज के करना चाहता है लेकिन, कुछ दहेज के लालच में रवि के मां-बाप शशि की बहन रमा की जिंदगी नरक करने पर आमादा रहते हैं। इस फिल्म में रवि का किरदार जावेद जाफरी ने निभाया है। इस फिल्म में उन्होंने एक मंझे हुए कलाकार की तरह अभिनय किया। फिल्म में आमिर खान, फराह नाज़, कादर खान, जावेद जाफरी आदि ने मुख्य भूमिका निभाई है।

4 of 11
जावेद जाफरी - फोटो : file photo
किरदार:  सुनील
100 डेज(1991)

वर्ष 1991 में आई फ़िल्म '100 डेज एक साइक्लोजिकल थ्रिलर फिल्म है। यह 1984 में आई तमिल फिल्म 'नूरावथु नाल' की रीमेक है। फ़िल्म में देवी एक ऐसी महिला है जो होने वाली घटनाओं को पहले देख लेती है। इसी कड़ी में एक दिन वह अपनी बहन रमा का मर्डर होते देख लेती है। इसके बाद उसकी बहन गायब हो जाती है। इसके बाद वह हत्यारे के सुराग खोजने में लगी रहती है। फिल्म में जावेद जाफरी ने सुनील नाम का किरदार निभाया है। वह देवी की बहन रमा के कॉलेज के दोस्त हैं। सपनों की दुनिया से बाहर लाने के लिए वह देवी की मदद करते हैं। इस फिल्म में सहायक कलाकार के रूप में जावेद जाफरी ने बेहतरीन काम किया है। माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, जावेद जाफरी, मून मून सेन आदि फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं।
विज्ञापन

5 of 11
जावेद जाफरी - फोटो : सोशल मीडिया
किरदार:  कैप्टन जावेद
 तहलका (1992)

वर्ष 1992 में आई फिल्म 'तहलका' एक एक्शन एडवेंचर फिल्म है। इस फिल्म को अनिल शर्मा ने निर्देशित और केसी शर्मा से निर्मित किया है। यह फ़िल्म 1968 में आई हॉलीवुड फिल्म 'व्हेयर ईगल्स डेयर' से काफी हद तक प्रेरित है। इस फिल्म में जनरल डांग भारतीय सेना के मेजर कृष्ण राव की बेटी का अपहरण कर लेता है। समय रहते मेजर कृष्ण राव अपनी बेटी को बचाने के लिए अपने सबसे अच्छे अफसरों की एक टोली बनाते हैं। इस फिल्म में जावेद जाफरी ने कैप्टन जावेद का किरदार निभाया है जोकि, उसी चुनिंदा अफसरों की टोली का हिस्सा हैं। उन्होंने अपने हिस्से के अभिनय को बखूबी निभाया है। धर्मेंद्र, आदित्य पंचोली, अमरीश पुरी, नशीरुद्दीन शाह, जावेद जाफरी, मुकेश खन्ना आदि मुख्य भूमिका में हैं।
विज्ञापन

6 of 11
जावेद जाफरी
किरदार:  प्रिंस ऑफ डॉन
ओह डार्लिंग ये है इंडिया (1995)

वर्ष 1995 में आई फिल्म 'ओह डार्लिंग ये है इंडिया' एक म्यूजिकल ड्रामा फ़िल्म है। इसके निर्माता और निर्देशक केतन मेहता हैं। फिल्म में एक गैंगस्टर भारत देश के राष्ट्रपति से उनका हमशक्ल बदलकर देश को हथियाना चाहता है। दो अनजाने लोग इस मामले को हवा देते हैं और अपने देश को बचाते हैं। इस फिल्म में जावेद जाफरी ने गैंगस्टर के बेटे का किरदार निभाया है। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान और अमरीश पुरी जैसे बड़े कलाकारों के साथ बढ़िया काम किया। शाहरुख खान, अमरीश पुरी, दीप साही, जावेद जाफरी आदि फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं।
विज्ञापन

7 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार:  आदित्य पंडित
 जजन्तरम ममंतरम (2003)

साल 2003 की फिल्म 'जजन्तरम मामंतरम' एक फैंटेसी एक्शन कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म को सौमित्रा रानाडे ने निर्देशित और अरुणिमा रॉय ने निर्मित किया है। यह फ़िल्म बकासुर और जोनाथन स्विफ्ट की गुलिवर की यात्रा पर आधारित है। फिल्म में आदित्य का जहाज टूट जाता है और वह अपने आप को एक टापू पर पाता है। वह देखता है कि जो लोग इस टापू पर रहते हैं, वह तो बहुत छोटे हैं। आदित्य खुद को उनके सामने राक्षस समझने लगता है। बाद में वह असली राक्षस से वहां के रहवासियों को बचाता है। इस फिल्म में जावेद जाफरी ने आदित्य का किरदार निभाया है। इस फिल्म में उनकी कॉमेडी को खूब सराहा गया। फिल्म में जावेद जाफरी के साथ गुलशन ग्रोवर, मानव कॉल, जॉय फर्नान्डिस आदि मुख्य भूमिका में हैं।

8 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार:  जग्गू यादव
सलाम नमस्ते (2005)

2005 में आई फिल्म 'सलाम नमस्ते' एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। इसको सिद्दार्थ आनंद ने निर्देशित और आदित्य चोपड़ा ने निर्मित किया है। यह पहली भारतीय फिल्म है जो पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया में शूट हुई। फिल्म में निखिल और अम्बर एक दूसरे से बहुत प्यार करते हैं और साथ रहने का फैसला करते हैं। इसी बीच अम्बर गर्भवती हो जाती है। अब वह पहले ही साथ रहने का फैसला कर चुके होते हैं तो उन्हें अजीब से रिश्ते में साथ रहना पड़ता है। फिल्म में जावेद जाफरी का ज्यादा किरदार नहीं है। इसी फिल्म के लिए उन्हें आइफा का बेस्ट कॉमेडियन अवार्ड मिला। साथ ही कॉमिक रोल में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें फिल्मफेअर में बेस्ट परफॉर्मर के लिए नामित किया गया। फिल्म में सैफ अली खान, प्रीति जिंटा, अरशद वारसी, जावेद जाफरी आदि मुख्य भूमिका में हैं।

9 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार:  आदित्य
धमाल (2007)

वर्ष 2007 में आई फिल्म 'धमाल' एक कॉमेडी फिल्म है। यह फिल्म इंदर कुमार के निर्देशन में बनी है। यह 1963 की हॉलीवुड फिल्म 'इट्स ए मैड, मैड, मैड, मैड वर्ल्ड' से काफी हद तक प्रेरित है। फ़िल्म के कुछ सीन तो हूबहू दर्शाए गए हैं। धमाल फिल्म सीरीज की यह पहली फिल्म है। फ़िल्म में रॉय, आदि, मानव और बोमन चार आलसी दोस्त हैं। यह खजाने की तलाश में गोआ निकलते हैं। इसके प्लान की भनक इंस्पेक्टर कबीर को लग जाती है। इंस्पेक्टर कबीर पहले से ही उस खजाने की तलाश में थे। फिर बाकी की कहानी इनकी गोआ यात्रा पर ही निकलती है। वैसे तो यह पूरी कॉमेडी फिल्म है लेकिन, जावेद जाफरी के कॉमिक अंदाज़ को इस फिल्म बहुत पसंद किया गया। रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय दत्त, आशीष चौधरी आदि फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं।

10 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार:  मीका सिंह
 सिंह इज किंग(2008)

साल 2008 में आई फिल्म 'सिंह इज किंग' एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म को अनीस बज्मी ने निर्देशित किया है। फिल्म में अपनी उल्टी सीधी हरकतों के लिए गांव भर में मशहूर हैप्पी को लखन को ऑस्ट्रेलिया से लाने का जिम्मा सौंपा जाता है। ताकि, लखन अपने मां बाप से मिल सके। ऑस्ट्रेलिया में हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि हैप्पी को लखन की वो डॉन की कुर्सी लेनी पड़ती है, और कुछ समय के लिए डॉन बनना पड़ता है। फिल्म में जावेद जाफरी का किरदार मीका सिंह का है। मीका, लखन के ही ग्रुप का एक सदस्य है और उसका भाई भी है। उनकी कॉमिक टाइमिंग को इस फिल्म में भी बहुत पसंद किया गया। फिल्म में मुख्य भूमिका में कलाकार अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, सोनू सूद, जावेद जाफरी, किरण खेर आदि हैं।
विज्ञापन

11 of 11
javed jaffrey - फोटो : file photo
किरदार:  भीम सिंह चंदेल
बेशरम (2015)

वर्ष 2015 में आई फिल्म 'बेशरम' भारी भरकम सितारों से सजी एक एक्शन कॉमेडी फिल्म है। अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रही। रिलीज से पहले ही फ़िल्म को नकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलना शुरू हो गयी थीं। फिल्म में बबली गली का एक होशियार मकैनिक है जो, अच्छे काम के लिए लोगों की कारें चुराता है। उसकी जिंदगी में एक नया मोड़ आता है जब, उसे एक लड़की तारा से प्यार हो जाता है। फिल्म में जावेद जाफरी विलेन के किरदार में हैं। वह कार माफिया चलाते हैं। फिल्म भले ही फ्लॉप रही हो लेकिन दर्शकों और आलोचकों ने भी जावेद जाफरी के अभिनय को खूब पसंद किया। फिल्म में रनबीर कपूर, पल्लवी शारदा, ऋषि कपूर, नीतू सिंह, जावेद जाफरी आदि मुख्य भूमिका में हैं।

यह भी पढ़ें- टैलेंट का पुलिंदा हैं जावेद जाफरी, एक्टिंग में फ्लॉप होने के बावजूद दुनिया में लहाराया परचम
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें