भारत के ट्रैक एंड फील्ड के इतिहास में महिला वर्ग में पीटी उषा का नाम बड़े ही अदब के साथ लिया जाता है। उनकी तेज रफ्तार की वजह से उन्हें 'पय्योली एक्सप्रेस' भी कहा जाता था। 80 और 90 के दशक में अपने शानदार खेल से उन्होंने देश का नाम खूब रोशन किया। केरल के कोझिकोड स्थित पय्योली गांव में 27 जून 1964 को जन्मी पीटी उषा आज अपना 58वां जन्मदिन मना रही हैं। परिवार की गरीबी की वजह से एथलीट बनने में उनके सामने अनेक कठिनाइयां आईं लेकिन इन सब मुश्किलों से पार पाते हुए वह एक महान धावक बनीं और देश का नाम रोशन किया।