बॉलीवुड में कई कोरियोग्राफर्स ने अपना मुकाम हासिल किया है और गीता कपूर उनमें से एक हैं। इन दिनों वह टीवी पर सुपर डांसर चैप्टर 4 में जज की भूमिका में नजर आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने डांस इंडिया डांस, सुपर डांसर, इंडिया के मस्त कलंदर और इंडियाज़ बेस्ट डांसर जैसे रियलटी शो जज किए हैं। बता दें कि गीता ने 15 साल की उम्र में अपना डांसिंग करियर शुरू किया था। उन्होंने 'तुझे याद ना मेरी आई', 'गोरी गोरी' जैसे गानों में बैकग्राउंड डांसर का भी काम किया। उन्होंने जानी-मानी कोरियोग्राफर फराह खान का डांस ग्रुप ज्वाइन किया था।
इसके बाद वह फराह खान को असिस्ट करने लग गईं। गीता ने फ़राह को कुछ कुछ होता है, दिल तो पागल है, कभी खुशी कभी गम, मोहब्बतें , कल हो ना हो, मैं हूं ना और ओम शांति ओम जैसी फिल्मों में असिस्ट किया है। इसके बाद गीता खुद ही कोरियोग्राफर बनीं और फिजा, अशोका, साथिया, हे बेबी, अलादीन, तीस मार खां के चर्चित गाने शीला की जवानी की भी कोरियोग्राफी करके लोकप्रियता हासिल की।