बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और उनकी आने वाली फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी इन दिनों चर्चा में है। 25 फरवरी को रिलीज होने वाली यह फिल्म सिनेमाघरों में आने से पहले ही कई विवादों में फंस चुकी है। दरअसल फिल्म को लेकर जहां मुंबई हाई कोर्ट में याचिका दायर की जा चुकी है, तो वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत फिल्म और इसकी कास्टिंग को लेकर लगातार निशाना साधती नजर आ रही हैं। बीते दिनों ही कंगना रणौत में फिल्म की कास्टिंग पर सवाल उठाते हुए आलिया भट्ट की इस फिल्म को फ्लॉप करार दिया था। इसके अलावा एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक बच्ची द्वारा फिल्म के एक सीन की एक्टिंग करने पर भी सवाल खड़े किए थे।
इसी बीच अब फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहीं अभिनेत्री आलिया भट्ट ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आलिया भट्ट ने छोटी बच्ची के वायरल वीडियो पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मुझे यह आपत्तिजनक नहीं लगा क्योंकि इसे उत्साह से बनाया गया था। मुझे यह बहुत ही प्यारा लगा। मेरा मानना है कि अगर बच्ची के माता-पिता, बहन या कोई प्रिय की नजर में यह सब ठीक है, तो मुझे नहीं लगता कि हमें इंसान के रूप में इससे कोई समस्या होनी चाहिए।