आपको अक्सर मोटरसाइकिल की सवारी करते देखा जाता है। ये शौक कैसे और कब लगा?
मैं उस वक्त कॉलेज में थी और मेरे घर में एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर हुआ करता था। जब मैं चलाने लायक हुई तो मुझसे पूछा गया कि तुम्हें इन दोनों में से क्या चाहिए? मैं जवाब देने ही वाली थी कि अचानक पीछे से किसी ने कहा कि जाहिर है स्कूटर ही चलाएगी। यह बात मुझे लग गई। मैंने सोचा कि यह फैसला करने वाले वे कौन हैं कि मैं क्या चलाऊंगी और क्या नहीं? फिर मैंने उस वक्त मोटरसाइकिल को चुना। इसी तरह जब मैं अपने कॉलेज में बीए का फॉर्म भरने के लिए गई तो मुझसे किसी ने कहा कि क्या तुम आर्ट्स के लिए फॉर्म भर रही हो? इसी बात पर मैंने उस समय गणित को चुन लिया। मुझे सुकून सिर्फ अपने मन का करने में मिलता है।