देशभर में आज यानी रविवार (20 जून) को फादर्स डे मनाया जा रहा है। एक पिता के त्याग, समर्पण, बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए हर साल यह दिन मनाया जाता है। पिता, हमारी जिंदगी में एक ऐसे शख्स हैं, जिनका होना ही हमारे जीवन के लिए काफी होता है। यह दिन एक पिता और उनके बच्चों के लिए बेहद खास होता है। इस मौके पर बॉलीवुड के कई सितारे भी अपने पिता को याद कर रहे हैं और उनके द्वारा दी गई सीख को अपने फैंस के साथ साझा कर रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड के मंझे हुए अभिनेता आयुष्मान खुराना ने भी अपने पिता को याद किया है।
पिता के लिए लिखा भावुक पोस्ट
आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की एक फोटो साझा की है। तस्वीर में आप देख सकते हैं कि आयुष्मान के पिता हारमोनियम के साथ परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ-साथ आयुष्मान ने भावुक पोस्ट भी लिखा, 'बचपन में पापा की लगाई पाबंदियों को तोड़ने में बहुत मजा आता था। अब बड़े होकर खुद पर लगाई पाबंदियां तोड़ी नहीं जातीं। ये हमें उन्हीं की वजह से मिला है - अनुशासन।' साथ ही आयुष्मान ने अपने नाम में दो एन और दो आर का भी मतलब बताया है।