इन दिनों अपनी फिल्म 'लूडो' को पूरा करने में व्यस्त निर्देशक अनुराग बसु फिल्म 'बर्फी' और 'जग्गा जासूस' के बाद एक बार फिर अभिनेता रणबीर कपूर के साथ काम करने की तैयारी कर रहे हैं। अनुराग का कहना है कि उनकी महात्वाकांक्षी फिल्म मशहूर गायक किशोर कुमार की बायोपिक पर काम अब भी चल रहा है और वह इसे रणबीर के साथ ही बनाना चाहते हैं। लेकिन, अमर उजाला की पड़ताल बताती है कि किशोर कुमार का परिवार ये बायोपिक अब अनुराग बसु के साथ बनाने को इच्छुक नहीं है।
अपनी नई फिल्म 'लूडो' को रिलीज करने की तैयारियों के बीच हाल ही में अनुराग बसु ने एक बयान में किशोर कुमार की बायोपिक पर काम जारी रहने की बात की। हिंदी सिनेमा के सबसे ज्यादा लोकप्रिय गायकों में से एक रहे स्वर्गीय किशोर कुमार पर बायोपिक बनाने की बात पहली बार तब शुरू हुई थी जब अनुराग ने रणबीर कपूर के साथ अपनी पहली फिल्म 'बर्फी' पर काम शुरू किया।
2012 में रिलीज हुई 'बर्फी' की निर्माता कंपनी यूटीवी मोशन पिक्चर्स के साथ ही अनुराग ने अपनी अगली फिल्म 'जग्गा जासूस' शुरू की। इस फिल्म के हीरो भी रणबीर कपूर थे और इस फिल्म की रिलीज के दौरान ही यूटीवी मोशन पिक्चर्स ने किशोर कुमार की जीवनी पर फिल्म बनाने के राइट्स खरीदे। ये बायोपिक लेखक निर्देशक सौमिक सेन ने लिखी है।