निर्माता एकता कपूर अपने प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले टीवी सीरियल्स से लेकर फिल्मों तक का प्रोडक्शन संभालती हैं, और अभिनय के क्षेत्र में नए टैलेंट को मौका देती हैं। आज उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ एक आधिकारिक बयान जारी किया है, जो उनके नाम या फिर उनके प्रोडक्शन हाउस के नाम से ठगी कर रहे हैं। एकता कपूर व उनके प्रोडक्शन वेंचर बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड और एएलटी डिजिटल एंटरटेनमेंट ने नकली कास्टिंग एजेंटों के खिलाफ एक बयान जारी किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कदम भी उठा रही हैं जो अभिनय के बदले पैसे की मांग करते हैं। इसके साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध कास्टिंग कॉल पर रिपोर्ट करने का भी आग्रह किया है।