बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में गिने जाने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'डॉक्टर जी' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। पिछले दिनों रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। 'डॉक्टर जी' में गायनोकॉलोजिस्ट का किरदार निभाते आयुष्मान खुराना के किरदार डॉक्टर उदय गुप्ता के संघर्ष को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। जहां फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया था, वहीं ऐसे में अब अभिनेता ने 'डॉक्टर जी' का एक बीटीएस वीडियो साझा किया है। जारी किए गए वीडियो में आयुष्मान ने फिल्म के साथ-साथ अपने जीवन के कई राजों से भी पर्दा उठाया है, जिन्हें सुन सभी हैरान रह गए हैं।