तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की पहली हिंदी फिल्म का खाका सज गया है। अल्लू अर्जुन को हिंदी सिनेमा में लॉन्च करने का सेहरा निर्माता निर्देशक करण जौहर के ही सिर बंधने जा रहा है हालांकि इस फिल्म में करण जौहर की कंपनी सिर्फ एक पार्टनर के तौर पर ही रहेगी, कुछ कुछ वैसे ही जैसे फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में थी। अल्लू अर्जुन ये फिल्म अपनी होम प्रोडक्शन कंपनी गीता आर्ट्स के बैनर तले बनाएंगे। फिल्म में तमिल, कन्नड़, मलयालम के अलावा हिंदी के कुछ दिग्गज कलाकारों को लेने की बात शुरू हो चुकी है। अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद इस फिल्म के असली कप्तान हैं और वह इस फिल्म के लिए देश की अलग अलग भाषाओं की दूसरी दिग्गज कंपनियों से भी बात कर रहे हैं।