बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार ने आज यानी 7 जुलाई 2021 को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके करीबी मित्र फैजल फारुखी ने इस बारे में ट्विटर पर जानकारी साझा की थी। दुनियाभर से लोग दिलीप साहब को श्रद्धांजलि दे रहे हैं वहीं उनके साथ परछाई की तरह साथ रहने वालीं उनकी पत्नी सायरा बानो के लिए इस दुख से उबर पाना आसान नहीं होगा। सायरा बानो और दिलीप कुमार का रिश्ता दुनिया के सामने एक मिसाल है। ना जाने अपने जीवन में कितने उतार-चढ़ाव देखे लेकिन कुछ भी उन्हें एक-दूसरे से जुदा नहीं कर सका।
करियर में टॉप पर होने पर भी अपने से 22 साल बड़े एक्टर के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली सायरा बानो को फिल्मी दुनिया छोड़ने का कभी कोई मलाल नहीं रहा। सायरा खुद इस बात की कुबूल करती थीं कि उन्होंने किसी के दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से फिल्मी दुनिया को अलविदा कहा था क्योंकि वह अपना पूरा ध्यान दिलीप कुमार पर लगाना चाहती थीं। एक और सवाल है जो सभी के मन में आज भी आता है। वो यही कि दिलीप कुमार और सायरा बानो जिंदगीभर बेऔलाद क्यों रहे।