दिवाली के बाद अब पूरे देश में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह मुख्य रूप से उत्तर भारत और बिहार का त्योहार है। इस त्योहार को लेकर यहां के लोगों में काफी आस्था है। छठ पूजा की शुरुआत षष्ठी तिथि से दो दिन पूर्व चतुर्थी से हो जाती है जो कि इस बार बुधवार को है। चतुर्थी को नहाय-खाय होता है। इसके बाद पंचमी तिथि को खरना शुरू होता है। छठ पूजा के दिन षष्ठी को व्रती को निर्जला व्रत रखना होता है। षष्ठी तिथि के दिन शाम को डूबते सूर्य को अर्घ देकर अगले दिन सप्तमी को सुबह उगते सूर्य का इंतजार करना होता है। सप्तमी को उगते सूर्य को अर्घ देने के साथ ही करीब 36 घंटे चलने वाला निर्जला व्रत समाप्त होता है। इस बीच भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह का छठ पर आधारित नया गाना रिलीज हो गया है जिसकी काफी चर्चा हो रही है।