मशहूर वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में ललित का किरदार निभाने वाले अभिनेता ब्रह्मा मिश्रा के निधन की खबर सामने आते ही मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। एक्टर के यूं अचानक जाने से उनके दोस्त और सभी फैंस सदमे हैं। ब्रह्मा के निधन की खबर बताते हुए 'मिर्जापुर' के मुन्ना त्रिपाठी यानी अभिनेता दिव्येंदु ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया। ब्रह्मा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए दिव्येंदु ने उनकी मृत्यु की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने के बाद अभिनेता की मौत हो गई।
अभिनेता के निधन के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस और कई सलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभिनेता दिव्येंदु ने इंस्टाग्रम पर उनके साथ एक फोटो शेयर हुए लिखा, 'आरआईपी ब्रह्मा मिश्रा, हमारा ललित अब इस दुनिया में नहीं रहा। सभी उसके लिए प्रार्थना करें।' वहीं, सीरीज में गुड्डु का किरदार निभाने वाले अली फजल ने पोस्ट शेयर कर कहा, आज फिर दिल टूटा है। ब्रह्मा, ध्यान रखना, साथी।'