हिंदी फिल्मों के कारोबार में बड़े पैमाने पर दोबारा अपना काम काज शुरू करने की बीते एक साल से तैयारी कर रहे फिल्म निर्माता, वितरक और वित्तदाता (फाइनेंसर) पराग सांघवी पर क्रिकेट मैचों के नतीजों पर सट्टा लगाने, मैच की प्रगति को प्रभावित करने और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान दुराचरण करने के आरोप लगे हैं। सांघवी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल से मान्यता प्राप्त दुनिया के इकलौते टी10 टूर्नामेंट में खेलने वाली पुणे डेविल्स टीम के मालिकों में शामिल हैं। उन्हें इस बारे में चली जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में कुल आठ लोगों को भ्रष्ट गतिविधियों को लेकर चल रही जांच में आरोपी बनाया गया है। ये मामला दो साल पहले हुए टूर्नामेंट का है।