आज आठ मार्च को पूरा विश्व महिला दिवस मना रहा है, लोग अलग-अलग तरीकों से अपने जीवन से जुड़ी हुई तमाम महिलाओं के लिए सम्मान दिखा रहे हैं। ऐसे में हमेशा लोगों को अपनी चीजों से इंस्पायर करने वाले बॉलीवुड सितारे भला कैसे पीछे रह सकते हैं। अजय देवगन, कंगना रणौत जैसे बड़े-बड़े सितारे महिलाओं के लिए सोशल मीडिया पर अपना प्यार जता रहे हैं। जहां अजय देवगन ने अपनी पोस्ट में अपनी मां, पत्नी काजोल और बेटी नीसा का नाम लिया, वहीं कंगना ने अपनी मां के साथ-साथ निर्माता एकता कपूर के लिए एक नोट लिखा। ऋचा चड्ढा ने इस अवसर पर अपनी महिला प्रशंसकों को एक संदेश के साथ शुभकामनाएं दीं।