फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुफ्त में दिखाई जा रही है 'तानाजी..' और 'छपाक', भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी टक्कर

Fri, 10 Jan 2020 10:16 PM IST
anand anand एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 6
Chhapaak, Tanhaji the Unsung Warrior - फोटो : amar ujala
सिनेमाघरों में बॉलीवुड की दो बड़ी फिल्में 'छपाक' और 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' रिलीज हो चुकी हैं। 'छपाक' में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। जबकि 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' में अजय देवगन, काजोल और सैफ अली खान जैसे कई दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिका में हैं, लेकिन दीपिका की फिल्म 'छपाक' से मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जिसके चलते प्रदेश की मुख्य राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई है। इन दोनों पार्टियों के बीच 'छपाक' और 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' को मुफ्त में दिखाने की होड़ लग गई है।
विज्ञापन

2 of 6
'छपाक' के एक दृश्य में दीपिका पादुकोण - फोटो : अमर उजाला
हाल ही में छपाक को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है। मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने पर भाजपा के कई नेता सरकार के फैसले की काफी आलोचना कर रहे हैं। इसके पीछे की वजह मंगलवार को अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैंपस में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होना भी है। ऐसे में मध्य प्रदेश के अंदर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने दर्शकों को मुफ्त में छपाक का शो दिखाया। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने भोपाल के संगीत सिनेमा के पहले शो के टिकट लेकर वहां पहुंचे और लोगों को मुफ्त में टिकट बांट दिए। 
विज्ञापन

3 of 6
Tanhaji The Unsung Warrior - फोटो : Amar Ujala, Mumbai
वहीं दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक का विरोध जताने के लिए भाजपा ने अजय देवगन की फिल्म 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' को मुफ्त में दिखाने का फैसला किया है। प्रदेश के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता सिनेमा घर पहुंचे और उन्होंने 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' फिल्म देखने की लोगों से अपील की। इससे पहले भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा ने बुधवार को #TanhajiChallenge के जरिए इस फिल्म की टिकट फ्री में देने का फैसला किया । ये चैलेंज आगे बढ़ाते हुए उन्होंने भाजपा के अन्य नेताओं को भी ऐसा करने के लिए कहा था कि वह भी इस फिल्म के टिकट लोगों को मुफ्त में बांटे। तेजिंदर सिंह बग्गा के इस चैलेंज को भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने भी स्वीकार किया और फ्री में तानाजी: द अनसंग वॉरियर की टिकट बांट रही हैं। इनके अलावा कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी भाजपा नेताओं के #TanhajiChallenge को स्वीकार किया है। 

4 of 6
Tanhaji The Unsung Warrior - फोटो : Amar Ujala, Mumbai
सुरेंद्र नाथ सिंह ने 'छपाक' को देश के गद्दारों की फिल्म और 'तानाजी' को देशभक्त की फिल्म बताया है। इसी तरह भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने 'तानाजी' को टैक्स फ्री करने की मांग की। साथ ही 'छपाक' का पैसा कहां जाएगा, इस पर सवाल भी उठाए हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश सरकार में छपाक के टैक्स फ्री करने पर गोपाल भार्गव ने कहा है कि अगर ये पॉर्न फिल्म भी होती तो मध्य प्रदेश सरकार इसको भी टैक्स फ्री करती। दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक एसिड अटैक पीड़िता की जिदंगी पर आधारित है। जिसको देखते हुए कांग्रेस शासित प्रदेश मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ ने इस फिल्म को टैक्स फ्री किया है। जिस पर गोपाल भार्गव ने सरकार की आलोचना की है। 
विज्ञापन

5 of 6
'छपाक' के एक दृश्य में दीपिका पादुकोण - फोटो : अमर उजाला
गोपाल भार्गव ने कहा, 'फिल्म को रिलीज भी नहीं किया गया था और इसे टैक्स फ्री कर दिया गया था। यह स्टंट हो या एक्शन या कुछ भी ... या फिर पॉर्न, तो भी वो ऐसा ही करते।' गोपाल भार्गव के इस बयान की काफी चर्चा हो रही है। वहीं जेएनयू में प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के पहुंचने पर भाजपा की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उन पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि मैं जानना चाहती हूं कि आखिर वह राजनीतिक रूप से किससे जुड़ी हुई है। अभिनेत्री पर हमला बोलते हुए स्मृति ने कहा कि जिसने भी यह खबर पढ़ी होगी, वह यह जानना चाहता होगा कि दीपिका प्रदर्शनकारियों के बीच क्यों गईं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
'छपाक' के एक दृश्य में दीपिका पादुकोण - फोटो : अमर उजाला
आपको बता दें कि बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म छपाक का जोर-शोर से प्रोमोशन कर रही हैं। फिल्म के प्रोमोशन के बीच मंगलवार रात को अभिनेत्री दीपिका पादुकोण दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैंपस में पहुंची। यहां उन्होंने कैंपस में छात्रों और शिक्षकों के साथ हुई हिंसा की आलोचना की। विश्वविद्यालय में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी छात्रों के समर्थन में पहुंची थीं।

पढ़ें: दीपिका की छपाक को टैक्स फ्री करने पर भाजपा नेता का बयान, कहा-'पॉर्न होती..'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें