मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें के सीजन के फिनाले में अब एक हफ्ते का समय बाकी रह गया है। ऐसे में अब शो में बने रहने के लिए सभी कंटेस्टेंट्स जी तोड़ मेहनत करते नजर आ रहे हैं। शो के इस सीजन के फिनाले वीक के लिए सदस्यों के नाम तय हो चुके हैं। हालांकि, अभी भी फिनाले वीक में पहुंचे इन सदस्यों के नाम को लेकर असमंजस जारी है। क्योंकि इस हफ्ते का एलिमिनेशन होना बाकी है। ऐसे में सभी नॉमिनेटेड सदस्य अपने इविक्शन को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। इसी बीच इस हफ्ते प्रसारित हुए वीकेंड का वार एपिसोड में घरवालों से रूबरू होने आए शो के होस्ट सलमान खान ने एक बार फिर घर के सदस्यों को बीते हफ्ते की गई उनकी हरकतों की वजह से जमकर फटकार लगाई।
इसी क्रम में आज प्रसारित हुए वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने अभिजीत बिचुकले, करण कुंद्रा और उमर रियाज को जमकर लताड़ा। वहीं शो के शुरू होते ही इस हफ्ते घर पहुंचीं अभिनेत्री निया शर्मा ने घरवालों को एक दिलचस्प टास्क करने को दिया। इस स्टाफ के दौरान सभी घर वालों ने एक- दूसरे के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास भी निकाली।