अभिनेता वरुण धवन के करियर के लिए बेहद अहम फिल्म मानी जा रही निर्माता दिनेश विजन और निर्देशक अमर कौशिक की फिल्म ‘भेड़िया’ की सफलता इन दोनों की कल्पनाओं के ‘भूतलोक’ का भविष्य भी तय करने वाली है। फिल्म के पहले गाने ‘ठुमकेश्वरी’ में दिखीं श्रद्धा कपूर ने इस ‘भूतलोक’ की अगली फिल्म ‘स्त्री 2’ के शुरुआत का संकेत पहले ही दे दिया है और अब इस फिल्म का अपडेट ये है कि अरसे से अपनी हिट फिल्मों के निर्माताओँ को गोल गोल चक्कर लगवाते रहे अभिनेता राजकुमार राव भी लौट के इस फिल्म में शामिल हो गए हैं। फिल्म ‘स्त्री’ के सीक्वल की शूटिंग अगले साल शुरू होने वाली है और इस फिल्म में आयुष्मान खुराना का वह किरदार भी स्पेशल अपीयरेंस भी दिखने वाला है जिसकी कल्पना अमर कौशिक ने अभिनेत्री समांथा प्रभु के साथ बनने वाली फिल्म के लिए की है।