फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबानी परिवार की बहू बनने से पहले टीना ने फिल्मों में यूं जमाया रंग, ये हैं 10 चर्चित फिल्में

Thu, 11 Feb 2021 07:53 PM IST
दीपाली श्रीवास्तव अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
एक्ट्रेस टीना - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी बनने से पहले टीना अंबानी ने फिल्मों में बहुत काम किया है। वह अपने काम के लिए भी चर्चाओं में रहीं और अभिनेता संजय दत्त और पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ प्रेम संबंधों की वजह से भी सुर्खियां बटोरीं। टीना की जोड़ी राजेश खन्ना के साथ सबसे ज्यादा फिल्मों में बनी और इस जोड़ी को दर्शकों ने पसंद भी खूब किया। अपने लगभग 13 साल के फिल्मी करियर में टीना ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। आइए, आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको टीना की कुछ बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताते हैं।
विज्ञापन

2 of 11
फिल्म देस परदेस का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
देस परदेस (1978) 
 
फेमिना टीन प्रिंसेस इंडिया का ताज अपने सिर सजाने और मिस टीनएज इंटरकॉन्टिनेंटल प्रतियोगिता में देश का नेतृत्व करने के बाद टीना ने वर्ष 1978 में दिग्गज अभिनेता देव आनंद के साथ उनकी फिल्म 'देस परदेस' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में महमूद, प्राण, अजीत खान, अमजद खान और प्रेम चोपड़ा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह कहानी एक परिवार की है जिसका बड़ा बेटा विदेश पैसे कमाने के लिए जाता है। कुछ समय बाद जब बड़े बेटे की कोई खबर नहीं मिलती तो छोटा बेटा उसकी खोज में विदेश जाता है और वहां चल रहे प्रवासियों के शोषण का पर्दाफाश करता है। इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण देव आनंद ने ही किया है। टीना का किरदार इस फिल्म में शर्मीली और दुनिया के तौर तरीकों से अनजान एक लड़की गौरी का है।

 
विज्ञापन

3 of 11
फिल्म बातों बातों में का दृश्य - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
बातों बातों में (1979) 
 
अपनी डेब्यू फिल्म के अगले ही साल टीना नजर आईं बासु चटर्जी की हिट फिल्म 'बातों बातों में' में। इस फिल्म में टीना के अलावा अमोल पालेकर, असरानी, पर्ल पदमसी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। टीना का किरदार यहां नैंसी पेरेरा का रहा जो अपने भाई और विधवा मां के साथ रहती है। नैंसी की मां चाहती हैं कि उसकी शादी एक जवान धनी आदमी के साथ हो। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म को संगीत दिया है राजेश रोशन ने। पूरी फिल्मों में कुल चार गीत हैं और उनमें से तीन गीत लोकप्रिय हुए। फिल्म के हिट होने में इन गीतों ने बड़ी भूमिका निभाई।
 

4 of 11
फिल्म कर्ज का दृश्य - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कर्ज (1980)

अपने करियर के शुरुआती दौर में टीना मुनीम को अच्छी फिल्में मिलती जा रही थीं। इसी कड़ी में उन्हें मिली सुभाष घई की फिल्म 'कर्ज'। इस फिल्म में टीना ऋषि कपूर, सिमी गरेवाल, राज किरण, प्राण जैसे कलाकारों के साथ नजर आईं। कमाल अमरोही की फिल्म 'महल' के बाद इस फिल्म में ही पुनर्जन्म की कहानी को प्रमुखता से दिखाया गया। 'दर्द ए दिल, दर्द ए जिगर, दिल में जगाया आपने', 'ओम शांति ओम', 'एक हसीना थी, एक दीवाना था', 'तू कितने बरस की, तू कितने बरस का' जैसे गीत इस एक फिल्म में ही हैं और यह सभी गीत आज भी बहुत लोकप्रिय हैं। इस के संगीत निर्देशक लक्ष्मीकांत प्यारेलाल रहे जिन्होंने बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता।
विज्ञापन

5 of 11
फिल्म हरजाई का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हरजाई (1981)

रमेश बहल के निर्देशन में वर्ष 1981 में रिलीज हुई फिल्म 'हरजाई' में टीना मुनीम की जोड़ी बनी अभिनेता रणधीर कपूर के साथ। इस फिल्म में रणधीर का किरदार अजय बहुत मजाकिया है और वह अपने दोस्तों को चौंकाने के चक्कर में खुद को कैंसर पीड़ित बता देता है। इस वजह से टीना का किरदार गीता चोपड़ा उससे सहानुभूति जताने लगती है और प्रेम करने लगती है। हालांकि, बाद में अजय को सच में कैंसर निकलता है और फिर दोनों के परिवारों के बीच तनाव शुरू हो जाता है। इस फिल्म में रणधीर और टीना के अलावा शम्मी कपूर और माला सिन्हा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म में टीना के काम की बहुत तारीफ हुई।
विज्ञापन

6 of 11
फिल्म कातिलों के कातिल का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कातिलों के कातिल (1981)

वर्ष 1981 में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर फिल्म 'कातिलों के कातिल' में धर्मेंद्र, ऋषि कपूर, जीनत अमान, टीना मुनीम, निरूपा रॉय, शक्ति कपूर और अमजद खान ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। अर्जुन हिंगोरानी के निर्माण और निर्देशन में बनी यह फिल्म बड़े-बड़े कलाकारों की मौजूदगी की वजह से बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। यह फिल्म खासतौर से अपने संगीत और ब्रूसली जैसे दिखने वाले एक कलाकार ब्रूस ले के स्पेशल अपीयरेंस के लिए याद की जाती है। यहां चौंकाने वाली बात यह थी कि यह किरदार एक औरत और जंगली भालू के मिलन से पैदा हुआ।
विज्ञापन

7 of 11
फिल्म रॉकी का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
रॉकी (1981)

दिग्गज अभिनेता संजय दत्त ने जब अपने करियर की शुरुआत की तो वह अपनी सबसे पहली फिल्म 'रॉकी' में टीना मुनीम के साथ ही नजर आए। फिल्म का निर्देशन संजय के पिता सुनील दत्त ने किया और फिल्म में टीना और संजय के अलावा रीना रॉय, अमजद खान, राखी, रंजीत, शक्ति कपूर और अरुणा ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म संजय दत्त की मां नरगिस के देहांत के कुछ ही दिनों बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई और खूब नाम कमाया। संजय दत्त और टीना मुनीम के प्रेम संबंधों की चर्चाएं भी इसी फिल्म से शुरू हो गई थीं। दर्शकों ने इस जोड़ी को पर्दे पर पसंद किया और इस जोड़ी ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया।

8 of 11
फिल्म राजपूत का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
राजपूत (1982)

विजय आनंद के निर्देशन में वर्ष 1982 में रिलीज हुई फिल्म 'राजपूत' में टीना को धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, हेमा मालिनी और रंजीता कौर के साथ मुख्य भूमिका में देखा गया। टीना का किरदार जया फिल्म की कहानी में बाहर से पढ़ कर आई एक लड़की है जो अपने यहां के तौर तरीकों से अनजान है। हालांकि, जब जया को पता चलता है कि उसके पिता सही आदमी नहीं है तो वह अपने पिता से नाता तोड़ देती है। जया विनोद खन्ना के किरदार भानु प्रताप सिंह से प्रेम करती है और उसी का साथ देती है। इस फिल्म में कलाकार बड़े-बड़े रहे और भरपूर रहे, इस वजह से फिल्म को बनने में काफी समय लगा।

9 of 11
फिल्म ये वादा रहा का दृश्य - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ये वादा रहा (1982)

टीना मुनीम की जोड़ी एक बार फिर से ऋषि कपूर के साथ कपिल कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये वादा रहा' में बनी। यह फिल्म 1982 में रिलीज हुई और इसमें टीना और ऋषि के अलावा पूनम ढिल्लों, शम्मी कपूर, राखी गुलजार, राकेश बेदी और इफ्तेखार मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह कहानी विक्रम (ऋषि कपूर) और सुनीता (पूनम ढिल्लों) की है जो एक दूसरे से बहुत प्रेम करते हैं। हालांकि, विक्रम की मां सुनीता को उसके गरीब होने की वजह से पसंद नहीं करती। इसलिए, यह जोड़ा भाग पर दूसरी जगह अपनी अलग दुनिया बसाने का फैसला करता है। रास्ते में दोनों एक सड़क दुर्घटना के शिकार होते हैं जिसमें सुनीता बुरी तरह घायल हुई। सुनीता की प्लास्टिक सर्जरी की गई तो उसका चेहरा बदल गया। फिर नई सुनीता टीना मुनीम के रूप में आई। रमेश बहल के निर्माण में बनी यह फिल्म वर्ष 1979 की हॉलीवुड फिल्म 'द प्रॉमिस' से प्रेरित है।

10 of 11
फिल्म वांटेड- डेड और अलाइव का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
वांटेड- डेड और अलाइव (1984)

बड़ी बड़ी फिल्मों का हिस्सा बनने का मौका जब टीना मुनीम को मिला तो उन्हें भी थोड़ा गुमान सा हो गया था। इस चक्कर में उन्होंने दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को बी ग्रेड एक्टर समझ कर उनके साथ काम करने से मना कर दिया। जब अंबरीश संगल ने वर्ष 1984 में फिल्म 'वांटेड- डेड और अलाइव' बनाई तो उन्होंने मिथुन को मुख्य भूमिका में लिया और उनके साथ टीना मुनीम को साइन किया। यह फिल्म मिथुन के लिए खास रही क्योंकि वह टीना को दिखाना चाहते थे कि वह भी एक स्टार हैं। इस फिल्म में मिथुन वन विभाग के एक अफसर विक्रम की भूमिका में नजर आए। विक्रम को अपनी ही पत्नी के कत्ल के इल्जाम में जेल होती है। जब वह सजा काटकर बदला लेने के लिए बाहर आता है तो फिर से नीता (टीना मुनीम) ने उसे अपने पिता का कातिल बता दिया।
विज्ञापन

11 of 11
फिल्म आखिर क्यों? का पोस्टर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
आखिर क्यों (1985)

टीना मुनीम ने राजेश खन्ना के साथ 'सौतन', 'बेवफाई', 'सुराग', 'इंसाफ मैं करूंगा', 'अलग-अलग', 'अधिकार' जैसी फिल्मों में काम किया। उनमें से ही एक फिल्म है 'आखिर क्यों'। राजेश और टीना की जोड़ी असल जिंदगी में भी बहुत चर्चा में रही। जे ओम प्रकाश के निर्देशन में बनी फिल्म 'आखिर क्यों' में टीना ने इंदु शर्मा का किरदार निभाया। इंदु एक साधारण लड़की है और एक लड़के कबीर (राकेश रोशन) से प्रेम करती है। लेकिन, कबीर इंदु की चचेरी बहन निशा से रिश्ता जोड़ता है। लता मंगेशकर का गाया हुआ मशहूर गाना 'दुश्मन न करे' इसी फिल्म का है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें