जंगली पिक्चर्स ने होली के माहौल में गुलाल उड़ाने वाला फैसला ये लिया है कि लीक से इतर फिल्मों के मामले में भाग्यशाली रहे अभिनेता आयुष्मान खुराना की पहली सौ करोड़ी फिल्म बधाई हो का सीक्वेल बनने जा रहा है। और, इसमें आलू के पापड़ जैसा तड़का ये है कि फिल्म के हीरो इस बार आयुष्मान खुराना नहीं बल्कि राजकुमार राव होंगे। फिल्म का निर्देशक भी इस बार नया लिया गया है, हां फिल्म को लिखा उन्हीं अक्षत घिल्डियाल ने है जिन्होंने बधाई हो लिखी थी।
फिल्म बधाई हो की सीक्वेल का नाम है, बधाई दो। ये भी एक पारिवारिक कॉमेडी होगी और एक ऐसे रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आएगी जिसमें मस्ती और मजाक तो होगा, लेकिन ये रिश्ता तो थोड़ा अटपटा भी होगा। जंगली पिक्चर्स ने बधाई दो की कहानी और किरदार बधाई हो से अलग रखे हैं। दोनों फिल्मों को बस एक ऐसा सूत्र जोड़ेगा जो दर्शकों के लिए भी रुचिकर होगा। बधाई दो को अक्षत घिल्डियाल के साथ सुमन अधिकारी ने लिखा है। फिल्म का मूल विचार सुमन का ही बताया जा रहा है।
फिल्म बधाई दो में लीड रोल करेंगे, राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर। राजकुमार राव का करियर पिछले कुछ साल से हल्का चल रहा है लेकिन अब उन्होंने भी प्रयोगधर्मी सिनेमा करने की जिद छोड़कर ऐसी फिल्में करने का फैसला किया है जो पारिवारिक मनोरंजन वाली फिल्में हों। राजकुमार के साथ इस फिल्म में दिखेंगी, भूमि पेडनेकर जिनका बीता साल काफी अच्छा गया है। और, इस साल भी उनके पास कुछ दमदार फिल्में कतार में हैं। फिल्म बधाई दो का निर्देशन करेंगे हर्षवर्धन कुलकर्णी जो इससे पहले अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन हाउस के लिए 2015 में हंटर फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक फिल्म बधाई दो में राजकुमार राव दिल्ली पुलिस के एक ऐसे पुलिसकर्मी की भूमिका में होंगे जिसकी ड्यूटी महिला थाने में लग जाती है। भूमि इस फिल्म में एक पीटी शिक्षक की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग इसी साल गर्मियों में शुरू करके इसे अगले साल के शुरू में रिलीज करने की तैयारी चल रही है।