फिल्म ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ ने रिलीज से पहले ही भारत में इस साल की एडवांस बुकिंग का एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस साल देश मे रिलीज हुई किसी भी भाषा की फिल्म की रिलीज से पहले सबसे ज्यादा टिकटें बिकने का रिकॉर्ड अब भी कन्नड़ फिल्म ‘केजीएफ 2’ के पास ही है लेकिन गुरुवार की शाम तक आए आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ ने एडवांस बुकिंग में ‘आरआरआर’ और ‘भूल भुलैया’ को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ की पहले दिन की ओपनिंग पर पूरे फिल्म जगत की निगाहें टिकी हुई हैं, लोग इस बात की भी उम्मीद लगा रहे हैं कि शायद ये फिल्म देश में अब तक रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों की पहले दिन की ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बना दे। ‘अवतार द वे ऑफ वाटर’ ने एडवांस बुकिंग में इस साल की हिट फिल्म ‘दृश्यम 2’ की पहले दिन की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।