शाहरुख खान अपनी फिल्म 'पठान' को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एक तरफ फैंस किंग खान की बड़े पर्दे पर वापसी के लिए बेताब हैं, तो दूसरी ओर फिल्म का विरोध भी हो रहा है। दरअसल, 'बेशरम रंग' गाने में दीपिका पादुकोण की भगवा बिकिनी पर सवाल उठ रहे हैं और इसमें बदलाव की मांग की जा रही है। वहीं, हाल ही में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के शाहरुख को नहीं जानने वाले बयान के बाद अभिनेता ने उनसे बात की है। शाहरुख खान ने अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान गुवाहाटी में कोई घटना होने के बारे में चिंता व्यक्त की है। जिस पर सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया है।
शाहरुख ने की सीएम से बात
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है कि शाहरुख खान ने 'पठान' की स्क्रीनिंग को लेकर उनसे बात की है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा, 'बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने आज सुबह 2 बजे फोन किया और गुवाहाटी में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान कोई घटना होने पर चिंता व्यक्त की। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार का कर्तव्य है। हम जांच करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी कोई अप्रिय घटना न हो।'
शाहरुख को नहीं जानते सीएम बिस्वा
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'पठान' 25 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। वहीं,अभी भी फिल्म को लेकर विरोध खत्म नहीं हुआ है। हाल ही में जब असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पाठन कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर सवाल किया, तो उनके जवाब ने सबको हैरान कर दिया। उनसे बजरंग दल के पठान को लेकर किए जा रहे विरोध पर सवाल पूछा गया,जिस पर उन्होंने कहा, 'कौन शाहरुख खान? मैं उनके बारे में कुछ नहीं जानता और न ही मुझे पठान फिल्म के बारे में कुछ पता है।'
Box Office Report: बॉक्स ऑफिस पर साउथ का जलवा, 'थुनिवु' 100 करोड़ के पार तो ऐसा रहा बाकी फिल्मों का हाल
बजरंग दल के प्रदर्शन पर पूछा था सवाल
दरअसल, बीते शुक्रवार को बजरंग दल के कुछ लोगों ने नरेंगी (असम) के थिएटर के बाहर फिल्म की रिलीज को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। साथ ही पोस्टर भी जलाए थे। ऐसे में जब सीएम से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'खान ने मुझे कोई फोन नहीं किया। जब भी कोई परेशानी आती है तो समय-समय पर कई बॉलीवुड सितारे मुझे फोन करते हैं। अगर खान मुझे फोन करते हैं, तो मैं इस मामले को गंभीरता से देखूंगा। अगर कानून को हाथ में लेने की कोशिश की गई है, तो इस पर एक्शन होगा और केस भी दर्ज होगा।'
Bhuvan Bam: 'अजनबी' भुवन किस 'सफर' से बने यूट्यूब के 'रहगुजर'? पढ़ें रेस्तरां से वेब सीरीज तक की कहानी