पूर्णिमा अरोरा और प्राची पटवारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ फिल्म समीक्षक पंकज शुक्ल ने किया। उन्होंने बताया कि 'अपना अड्डा' की शुरुआत उन्होंने पिछले साल इसी समय के करीब गांव, देहात और छोटे शहरों से आने वाले गुणी कलाकारों से सप्ताहांत में मिलने, उनसे बातें करने के क्रम में की थी। उन्होंने कहा कि जीवन से भरपूर और निष्कपट इन कलाकारों के बारे में लिखने का जो आनंद आता है, वह बड़े से बड़े सितारों के इंटरव्यू लिखने से कहीं ज़्यादा है। आमतौर पर हर शनिवार शाम होने वाली मुक्त बैठकी में मिले लोगों का मासिक समागम ही होता है, 'अपना अड्डा'। उन्होंने बताया कि मनोरंजन जगत की हर विधा से जुड़े लोग सीधे इस मासिक कार्यक्रम में आ सकते हैं। अपने हुनर का मुजाहिरा कर सकते हैं। अपने जैसे तमाम उन लोगों से मिल सकते हैं, जो इस कंक्रीट के बियाबां में कुछ पल सुकून के तलाशते रहते हैं। ‘अपना अड्डा’ के इस कार्यक्रम में अमरेंद्र शर्मा, मनु कृष्णा, कौशिकी मिश्रा, प्राची पटवारी, वाजिद अली, नमन मुखर्जी, पूर्णिमा अरोड़ा, साहिल रवि, हितेश भाटिया, निवेदिता चौधरी, अनूप बालयान, अमित गुप्ता, अरुण कुमार, पवन भाटिया, गौरव शारदा राय, प्रत्यूष कुमार, ऋषि पाठक और शिव कांत आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।