फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amitabh Bachchan Birthday: अमिताभ बच्चन विशेष: ये हैं बिग बी की दस हिट जोड़ियों के साथ बनीं दस से ज्यादा चर्चित फ्लॉप फिल्में

Sun, 11 Oct 2020 04:34 PM IST
प्रतीक्षा राणावत रोहिताश सिंह परमार, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
अमिताभ बच्चन बर्थडे - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
पिछली सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने समय में हर उस कलाकार के साथ काम किया है जिसने अभिनय की दुनिया में खूब नाम कमाया हो। पर्दे पर अमिताभ बच्चन की कुछ कलाकारों के साथ जोड़ियां तो ऐसी थी जिसे फिल्म की सफलता की गारंटी माना जाता था। इसके बावजूद अमिताभ की फिल्मोग्राफी में कुछ ऐसी फिल्में शामिल हैं जिन्हें उन्होंने किया तो इन मशहूर हस्तियों के साथ लेकिन फिर भी ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं। आइए, बताते हैं कि अमिताभ बच्चन ने अपने मशहूर जोड़ीदारों के साथ कौन सी फ्लॉप फिल्में भी की हैं।
विज्ञापन

2 of 11
अमिताभ बच्चन, शत्रिघ्न सिन्हा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शत्रुघ्न सिन्हा
शुरुआत करते हैं अमिताभ बच्चन के करीबी दोस्त और दूर के ‘दुश्मन’ भी रहे शत्रुघ्न सिन्हा से। अमिताभ बच्चन ने शत्रुघ्न सिन्हा के साथ ‘शान’, ‘काला पत्थर’, ‘नसीब’ और ‘दोस्ताना’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। लेकिन उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में 'परवाना', 'बॉम्बे टू गोवा' और 'रास्ते का पत्थर' जैसी फिल्में भी की हैं जिन्हें दर्शकों और समीक्षकों ने बिल्कुल पसंद नहीं किया। 'बॉम्बे टू गोवा' में शत्रुघ्न खलनायक के रूप में नजर आए हैं। बताते हैं कि शत्रुघ्न इस किरदार को करना नहीं चाहते थे और यह किरदार उन्होंने अमिताभ के दबाव में आकर किया।
विज्ञापन

3 of 11
अमिताभ बच्चन, शशि कपूर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शशि कपूर
'शान', 'काला पत्थर', 'नमक हलाल', 'दीवार', 'ईमान धर्म', 'रोटी कपड़ा और मकान', 'त्रिशूल', 'सुहाग'। ये सभी ऐसी फिल्में हैं जिसमें अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की सुपरहिट जोड़ी साथ नजर आई। अमिताभ और शशि को एक साथ पर्दे पर देखकर इनके प्रशंसक बहुत खुश होते रहे हैं और उनकी फिल्मों को अपने जज्बे से सुपरहिट बना देते हैं। लेकिन, ऐसा नहीं है कि इन दोनों ने जिन फिल्मों में साथ काम किया, वह सभी हिट रही हों। वर्ष 1980 में आई एक्शन कॉमेडी फिल्म 'दो और दो पांच' इस जोड़ी की फ्लॉप फिल्म है। इसे राकेश कुमार ने निर्देशित किया है।

4 of 11
अमिताभ बच्चन, जया बच्चन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जया भादुड़ी
जया भादुड़ी को आजकल जया बच्चन के नाम से जाना जाता है। वह अमिताभ की तब जीवन साथी बन गई थीं जब अमिताभ को फिल्मों में पहचान भी नहीं मिली थी। इन दोनों ने साथ में जंजीर, शोले, अभिमान, चुपके चुपके जैसी कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। लेकिन, करियर के शुरुआती दौर में इन दोनों ने 'बंसी बिरजू' और 'एक नजर' जैसी फिल्मों में भी काम किया है। ये दोनों ही फिल्में फ्लॉप रहीं। यह ऐसा समय था जब अमिताभ की ज्यादातर फिल्में फ्लॉप ही जा रही थीं और फिल्म 'जंजीर' में उनके साथ काम करने को कोई हीरोइन तैयार नहीं हो रही थी। तब, इस गाढ़े वक्त में जया ने ही अमिताभ का साथ दिया था।
विज्ञापन

5 of 11
अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हेमा मालिनी
अमिताभ बच्चन की जोड़ी हेमा मालिनी के साथ भी काफी मशहूर रही। दोनों ने साथ में 'सत्ते पे सत्ता', 'नसीब', 'देश प्रेमी', 'नास्तिक', 'अंधा कानून', 'गिरफ्तार', 'कसौटी' जैसी फिल्मों में काम किया है। हेमा के साथ अमिताभ के करियर की ये सभी फिल्में सुपरहिट रहीं। लेकिन इन सभी फिल्मों से पहले अमिताभ ने हेमा के साथ वर्ष 1973 में एक और फिल्म की, इसका शीर्षक है 'गहरी चाल'। यह फिल्म फ्लॉप रही थी। हालांकि, इसके बाद भी दर्शकों को इनकी जोड़ी पसंद आई।
विज्ञापन

6 of 11
रेखा, अमिताभ बच्चन - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
रेखा
अमिताभ बच्चन के साथ रेखा की जोड़ी तो बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कामयाबी की गारंटी मानी गई है। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को 'मिस्टर नटवरलाल', 'मुकद्दर का सिकंदर', 'सुहाग', 'राम बलराम', 'गंगा की सौगंध', 'दो अंजाने', 'खून पसीना', 'ईमान धर्म' जैसी न जाने कितनी ही शानदार फिल्में दी हैं। लेकिन, दर्शकों के मन की बात कौन जान सकता है? वर्ष 1977 में आई ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म 'अलाप' इस जोड़ी की फ्लॉप फिल्म है। वैसे इन दोनों की फिल्म 'सिलसिला' का नाम तो बहुत बड़ा है लेकिन हकीकत में तो वह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई थी।
विज्ञापन

7 of 11
अमिताभ बच्चन, राखी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
राखी
राखी के साथ भी अमिताभ बच्चन ने 'कसमे वादे', 'बरसात की एक रात', 'कभी-कभी', 'बेमिसाल' जैसी कई यादगार फिल्में दी हैं। दर्शकों को पर्दे पर इनकी जोड़ी बहुत पसंद आती और इन दोनों का आपस में तालमेल भी बहुत बढ़िया रहा। लेकिन, जोड़ी चाहे जितनी भी अच्छी हो फिर भी कहीं न कहीं कुछ गलतियां तो हो ही जाती हैं। इस जोड़ी की गलती रही वर्ष 1979 में आई ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म 'जुर्माना'। यह फिल्म उस साल आई जब अमिताभ की 'द ग्रेट गैंबलर', 'मिस्टर नटवरलाल', 'काला पत्थर' और 'सुहाग' जैसी सफल फिल्में रिलीज हुईं। राखी ने फिल्म ‘शक्ति’ में अमिताभ की मां का रोल भी किया है।

8 of 11
अमिताभ बच्चन, जीनत अमान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जीनत अमान
अमिताभ बच्चन की जोड़ी पर्दे पर जब-जब जीनत अमान के साथ बनी है, तब तब इनकी जोड़ी ने एक सुपरहिट फिल्म बनाई है। इन फिल्मों में 'रोटी कपड़ा और मकान', 'डॉन', 'दोस्ताना', 'लावारिस' जैसी फिल्में शामिल हैं। लेकिन, रमेश बहल के निर्देशन में वर्ष 1983 में आई फिल्म 'पुकार' ने इस जोड़ी के जादू को भी फीका कर दिया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर और समीक्षकों की नजर में भी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। फिल्म भले ही फ्लॉप रही हो लेकिन इन दोनों की जोड़ी दर्शकों को बहुत पसंद आई।

9 of 11
अमिताभ बच्चन, परवीन बाबी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
परवीन बाबी
अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों के लिए अमिताभ की फिल्मों में अभिनेत्री परवीन बाबी के साथ बनी उनकी जोड़ी भी आकर्षण का केंद्र रही। इस जोड़ी ने 'दीवार', 'खुद्दार', 'मजबूर' जैसी फिल्मों से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। लेकिन, वर्ष 1983 में आई एस रामनाथन के निर्देशन में बनी फिल्म 'महान' सिनेमाघरों तक दर्शक नहीं खींच पाई। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने तिहरा किरदार निभाया है। परवीन बाबी के अलावा फिल्म में जीनत अमान और वहीदा रहमान भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिर भी यह फिल्म दर्शकों की पसंद नहीं बनी।

10 of 11
अमिताभ बच्चन, जया प्रदा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जया प्रदा
पर्दे पर अमिताभ बच्चन और जया प्रदा की जोड़ी भी बहुत कमाल की दिखती है। इन दोनों ने कई फिल्में साथ में कीं जिसमें 'शराबी' और 'आज का अर्जुन' सुपरहिट रहीं। 'शराबी' फिल्म का गीत 'दे दे प्यार दे' तो आज भी खुशमिजाज संगीत श्रोताओं की पहली पसंद रहता है। लेकिन, यह बात भी किसी से छिपी नहीं है कि इस जोड़ी ने कई फ्लॉप फिल्में भी दी हैं। इन फिल्मों में 'गंगा जमुना सरस्वती', 'जादूगर' और 'इंद्रजीत' जैसी फिल्में शामिल हैं। 'गंगा जमुना सरस्वती' फिल्म का तो नाम ही बहुत बड़ा था। फिल्म में तमाम दिग्गज कलाकार भी हैं लेकिन दर्शक इसे सिनेमाघरों में देखने नहीं गए।
विज्ञापन

11 of 11
अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
ऋषि कपूर
इसी साल जब अभिनेता ऋषि कपूर इस दुनिया को अलविदा कह गए तब उनके करीबी दोस्त अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर गहरा शोक प्रकट किया। इन दोनों कलाकारों ने एक साथ 70 और 80 के दशक में इस फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है। अमिताभ को एंग्री यंग मैन के रूप में जाना जाता था जबकि ऋषि कपूर एक रोमांटिक हीरो की छवि रखते थे। इन दोनों ने 'कभी-कभी', 'अमर अकबर एंथनी', 'नसीब', 'कुली' से लेकर हाल के बरसों में बनी '102 नॉट आउट' तक साथ काम किया और ये सभी फिल्में हिट रहीं। लेकिन, शशि कपूर के निर्देशन में वर्ष 1991 में आई सुपर हीरो फिल्म 'अजूबा' में इन दोनों की जोड़ी का जादू नहीं चल सका। और यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई।

पढ़ें: ऋतिक रोशन के साथ डेब्यू कर चर्चा में आईं थीं ये अभिनेत्री, टॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक में है धाक
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें