सिनेमा का एक दौर ऐसा भी रहा है जब फिल्म के हीरो को ध्यान में रख कर गाने बनाए जाते थे और हर गायक की पहचान उस हीरो से होती थी जिस पर ये गाने फिल्माए जाते थे। जैसे मुकेश अभिनेता राज कपूर की सबसे दमदार आवाज बने और किशोर कुमार की आवाज पहले राजेश खन्ना और फिर अमिताभ बच्चन के लिए मुफीद मानी गई। लेकिन अब गानों का और खासतौर से गायकों का अभिनेताओं से रिश्ता टूट चुका है। गायक और संगीतकार अमित त्रिवेदी की मानें तो नए दौर में गाने किरदारों के हिसाब से बनाए जाते हैं, कलाकारों के हिसाब से नहीं।