वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने 67 साल की उम्र में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक, उनका निधन शनिवार को दोपहर साढ़े चार बजे हुआ। विनोद दुआ के साथ भारतीय पत्रकारिता के एक युग का भी अंत हो गया। उन्होंने दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे कई समाचार चैनलों को अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे में कई हस्तियां सोशल मीडिया पर उन्हें याद करती नजर आ रही हैं।
विनोद दुआ के निधन के बाद उनकी बेटी मल्लिका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने पिता को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताया है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में मल्लिका दुआ ने अपने पिता की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘आपके जैसा दूसरा कभी नहीं होगा। मेरे पहले और सबसे अच्छे दोस्त। मेरे पापाजी।’