छोटे परदे पर पूरी तरह नकार दिए गए नए शो ‘गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान’ के बंद होने के साथ ही इसके लीड कलाकार सुनील ग्रोवर ने अब एक नई बेव सीरीज की शूटिंग शुरू कर दी है। अगले साल अप्रैल में जी5 पर रिलीज होने के लिए बन रही इस सीरीज का नाम है, ‘सनफ्लॉवर’ और ये उसी तरह की सीरीज होगी जैसी फिल्मों मसलन ‘चोरी मेरा काम’, ‘विक्टोरिया नंबर 203’ या फिर ‘बंटी और बबली’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया है।
हास्य और अपराध की मिली जुली छौंक वाली इस वेब सीरीज के बारे में सुनील ग्रोवर कहते हैं, ‘अपराध में हास्य का ये मेल बहुत ही रोचक है। पूरी वेब सीरीज की कल्पना ही एक बहुत ही शानदार तरीके से की गई है। सीरीज के किरदार काफी दिलचस्प हैं और मुझे भरोसा है कि दर्शक इन किरदारों से तारतम्य जोड़ पाएंगे। जैसा कि इसका नाम है, ये सनफ्लॉवर सोसाइटी में रहने वाले किरदारों की कहानी कहेगी।’