देश भर में कोरोना महामारी की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है और लोग कोरोना की जद में आ रहे हैं। ऐसे में कोरोना टीकाकरण का अभियान भी तेजी से किया जा रहा है। तो वहीं कई बॉलीवुड सेलेब्स ने भी कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है। अब एक्टर और निर्देशक नंदिता दास ने भी कोरोना वैक्सीन लगवा ली है। उन्होंने वैक्सीन लगवाते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है।
एक्ट्रेस नंदिता दास ने शनिवार को कोरोना वैक्सीन का अपना पहला डोज लगवा लिया है और इसकी फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'मैंने वैक्सीन का अपना पहला डोज लगवा लिया। आप भी वैक्सीन की पहली डोज लगवा लें और हर तरह की आशंका को दूर करें।'
नंदिता दास 10 अलग-अलग भाषाओं में 40 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुकीं हैं। एक्ट्रेस अक्सर सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों पर भी खुलकर अपनी बात रखती हैं, उनके पास सोशल वर्क में मास्टर किया हुआ है। पिछले साल लॉकडाउन के दौरान नंदिता ने 'लिस्टन टू हर' शीर्षक वाली सात मिनट की लघु फिल्म बनाई थी। उन्होंने इस फिल्म में अभिनय भी किया था। इस फिल्म में घरेलू हिंसा के बढ़ने पर प्रकाश डाला गया था और महामारी के दौरान महिलाओं पर काम का भार बढ़ने को भी दिखाया गया था।
बता दें कि अमिताभ बच्चन, सैफ अली खान, हेमा मालिनी, सलमान खान, मलाइका अरोड़ा, राम कपूर और अन्य कई स्टार्स ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है और अपने फैंस से वैक्सीन लगवाने की अपील भी की है।