फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Happy Birthday Helen: इन 10 किरदारों ने हेलन को बनाया सुपरस्टार, एक में तो सलमान की मां भी बनीं

Sat, 21 Nov 2020 09:24 PM IST
प्रतीक्षा राणावत मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
हेलन बर्थडे - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
वरिष्ठ अभिनेत्री हेलन 60 और 70 के दशक में फिल्मों में आइटम नंबर करने के लिए मशहूर रहीं। 'मेरा नाम चिन चिन चू', 'यम्मा यम्मा', 'ओ हसीना जुल्फों वाली' कुछ ऐसे आइटम नंबर हैं जो हेलन के यादगार नृत्य की याद दिलाते हैं। बर्मा (अब म्यांमार) में द्वितीय विश्वयुद्ध का शिकार हुई हेलन जापानी सेना से बचकर जब लहूलुहान होकर अपने परिवार के साथ भारत पहुंचीं तो उन्हें यहां नई जिंदगी मिली। और, यहीं से शुरू हुआ हेलन का फिल्मी सफर। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम हेलेन पर फिल्माए गए कुछ यादगार गीतों और उनकी बेहतरीन फिल्मों की चर्चा करेंगे।
विज्ञापन

2 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
हावड़ा ब्रिज (1958)
हेलन ने बहुत ही कम उम्र में अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। कारण था घर में कमाने वाली सिर्फ हेलन की मां थीं, जिनकी तनख्वाह परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं थी। उनकी एक पारिवारिक दोस्त कुकू उस समय हिंदी सिनेमा में एक अभिनेत्री थीं। उन्होंने हेलन की मदद फिल्मों में कोरस डांसर का काम दिलाने के लिए की। इसी बीच हेलन ने 'अलिफ लैला', 'शबिस्तान', 'आवारा' जैसी फिल्मों में डांस किया। उन्हें अपना पहला बड़ा काम तब मिला जब उन्हें शक्ति सामंत की वर्ष 1958 में आई फिल्म 'हावड़ा ब्रिज' में मशहूर गीत 'मेरा नाम चिन चिन चू' पर प्रस्तुति देने का मौका मिला। हेलन के लिए यह गाना गीता दत्त ने गाया। यहां से हेलन का अच्छा वक्त शुरू हुआ।

विज्ञापन

3 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
चाइना टाउन (1962)
नाचने के साथ हेलन ने कुछ नाटकीय किरदारों के साथ अभिनय में भी अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें शक्ति सामंत की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'चाइना टाउन' में एक सहायक भूमिका निभाने का मौका मिला। इस फिल्म में शम्मी कपूर, शकीला, हेलन और मदन पुरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यहां हेलन माइक की प्रेमिका सूजी के किरदार में नजर आईं। यह कहानी दो बिछड़े भाइयों शेखर और माइक की है जो अलग-अलग रास्तों पर चल पड़ते हैं। माइक और शेखर दोनों मिलते भी हैं लेकिन एक दुश्मन बन कर। लेकिन, सूजी दोनों की सच्चाई पता करके इन्हें मिलाने का काम करती है। इस फिल्म में शम्मी कपूर और हेलन पर फिल्माया गाना 'यम्मा यम्मा' सुपरहिट साबित हुआ।

4 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
गुमनाम (1965)
हेलन लगातार फिल्मों के तमाम गीतों पर डांस तो करती ही रहीं, साथ ही उन्हें फिल्मों में कुछ किरदार भी मिलने लगे थे। उन्हें उनकी जिंदगी का पहला चर्चित किरदार राजा नवाथे कि वर्ष 1965 में आई फिल्म 'गुमनाम' में मिला। यहां हेलन किट्टी कैली के किरदार में नजर आईं। किट्टी को फिल्म के बाकी सभी मुख्य किरदारों के साथ विदेश घूमने का मौका मिलता है। जिस जहाज से सभी लोग विदेश जाते हैं वह अचानक किसी अनजान जगह पर उतारा जाता है और वहां उनकी जिंदगी में अजीब घटनाएं शुरू होती हैं। फिल्म में हेलन के अलावा मनोज कुमार, नंदा, प्राण, महमूद, आदि बेहतरीन कलाकार शामिल हैं। मशहूर गीत 'हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं' इसी फिल्म में हेलन और महमूद पर फिल्माया गया है। इस फिल्म में बेहतरीन काम करने के लिए हेलन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

विज्ञापन

5 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
शिकार (1968)
जाने-माने फिल्म निर्माता और निर्देशक गुरुदत्त के छोटे भाई आत्माराम के निर्माण और निर्देशन में बनी फिल्म 'शिकार' एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म है। इसकी कहानी एक हत्या की छानबीन के इर्द-गिर्द ही घूमती है। फिल्म में धर्मेंद्र, आशा पारेख, संजीव कुमार, हेलन और जॉनी वॉकर मुख्य भूमिकाओं में हैं। हेलन ने इस फिल्म में वीरा की भूमिका निभाई है जो कहानी में नरेश माथुर की हुई हत्या की एक संदिग्ध है। फिल्म का मशहूर गीत 'पर्दे में रहने दो पर्दा ना उठाओ' तो मुख्य अभिनेत्री आशा पारेख पर फिल्माया गया है। जबकि, फिल्म के दूसरे हिट गीत जैसे; 'हाय मेरे पास तो आ' को हेलन और संजीव कुमार पर और 'मैं अलबेली प्यार जता कर ले लेती हूं जान' हेलन और जॉनी वॉकर पर फिल्माए गए हैं। इस फिल्म में भी हेलन को सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

विज्ञापन

6 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
सच्चाई (1969)
के शंकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'सच्चाई' शम्मी कपूर की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में शम्मी कपूर के साथ संजीव कुमार, साधना, प्राण, राज मेहरा, आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। हेलन यहां पर मीरा नाम के एक किरदार में नजर आईं जो फिल्म की कहानी में ही एक नर्तकी है। फिल्म की कहानी एक साथ रहने वाले दो लोगों अशोक और किशोर की है जिनके अपराध को लेकर अलग-अलग विचार हैं। हेलन पर फिल्म में एक गीत 'कब से धरी है सामने बोतल शराब की' फिल्माया गया है। मोहम्मद रफी और आशा भोसले के गाए हुए इस गीत में शम्मी कपूर भी हेलन के साथ हैं।

विज्ञापन

7 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
ऐलान (1971)
हेलन ने एक बार फिर फिल्मफेयर पुरस्कार मिलने जैसा काम किया। हालांकि, उन्हें फिल्म 'ऐलान' के लिए सिर्फ नामांकन मिला, पुरस्कार नहीं। के रमनलाल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हेलन ने लिली की भूमिका निभाई है। लिली कुछ वैज्ञानिकों और राम सिंह के साथ मिलकर कुछ गुप्त खोजों पर काम कर रही होती है जो मानवता के लिए खतरा है। जब नरेश इनकी योजना का पर्दाफाश कर देता है तो लिली, राम सिंह और उसका पूरा गैंग नरेश को खत्म करने की कोशिश करता है। यह एक साइंस फिक्शन थ्रिलर फिल्म है जिसमें विनोद मेहरा, विनोद खन्ना, रेखा, राजेंद्र नाथ, मदन पुरी, हेलन, आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।

8 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
छोटे सरकार (1974)
के शंकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'छोटे सरकार' में हेलन को एक गंभीर किरदार निभाने को मिला। यहां हेलन कस्तूरी के किरदार में नजर आईं जो फिल्म के मुख्य अभिनेता शम्मी कपूर के किरदार राजा से प्रेम करती है। साथ ही मलिन बस्ती में रहकर अपने भरण-पोषण के लिए नाचती और गाती है। वह दिन ऐसे थे जब किसी फिल्म में अगर हेलन होती तो ऐसा तो हो ही नहीं सकता कि उन पर कोई गाना न फिल्माया गया हो। इस फिल्म में भी कृष्णा काले की आवाज में एक गाना 'मैं केसर कस्तूरी मेरी सूरत के दीवानों' हेलन पर फिल्माया गया। इस गीत में शम्मी कपूर की हेलन के साथ हैं। हेलन का किरदार गंभीर था इसलिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए भी नामित किया गया। इस फिल्म में हेलन और शम्मी कपूर के अलावा साधना और शशि कला ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं।

9 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
लहू के दो रंग (1979)
हेलन ने कई सुपरहिट गीतों का हिस्सा बनकर अपनी पहचान तो बना ही ली थी। लेकिन, उसके बाद जावेद अख्तर के साथ कई सुपरहिट फिल्मों के पटकथा लेखक रहे सलीम खान ने हेलन को 'ईमान धरम', 'डॉन', 'दोस्ताना' और 'शोले' जैसी फिल्मों में काम दिलाने में बहुत मदद की। वर्ष 1979 में महेश भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म 'लहू के दो रंग' में भी हेलन को सलीम खान ने ही काम दिलाया। इस फिल्म में हेलन ने सूजी का किरदार निभाया। सूजी एक बहादुर औरत है जो अंग्रेजों से लड़ने के लिए सुभाष चंद्र बोस की खड़ी की गई आजाद हिंद फौज का हिस्सा रहे शमशेर सिंह की मदद दुश्मनों से बचाने में करती है। इसी बीच सूजी और शमशेर सिंह एक दूसरे से प्रेम भी करने लगते हैं। इस एक्शन ड्रामा फिल्म में हेलन के साथ विनोद खन्ना, डैनी डेंजोंगपा, शबाना आजमी, रंजीत, इंद्राणी मुखर्जी, आदि कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। हेलन को पहली बार सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार इस फिल्म के लिए ही मिला।

10 of 11
हेलन, सलीम खान - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
खामोशी- द म्यूजिकल (1996)
अपनी जवानी में हिंदी फिल्मों में कई सुपरहिट गीत देने के बाद हेलन की जब उम्र ढल गई तो उन्हें भी बाकी कलाकारों की तरह दूसरे किरदारों को निभाने का मौका मिला। अब वह नृत्य से दूर हो चली थीं। तब संजय लीला भंसाली की पहली फिल्म 'खामोशी- द म्यूजिकल' में हेलन को मारिया ब्रगेंजा का किरदार निभाने का मौका मिला। यह कहानी एनी ब्रगेंजा की है जिसकी दो दुनिया हैं। एक उसके माता-पिता और दूसरा संगीत। एनी को संगीत की पूरी प्रेरणा उसकी दादी मारिया से मिली है। दादी का किरदार भी फिल्म में हेलन ने बहुत खूबसूरती से किया। मनीषा कोइराला, सलमान खान, नाना पाटेकर और सीमा बिस्वास जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए हेलन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामित किया गया।

विज्ञापन

11 of 11
हेलन - फोटो : फाइल फोटो
हम दिल दे चुके सनम (1999)
इसके बाद तो हेलन फिल्मों में गेस्ट अपीयरेंस ही करती हुई नजर आईं। उन्हें आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'मोहब्बतें' में शाहरुख खान के साथ अपनी स्टाइल में नृत्य करते हुए देखा गया। इसी तरह एक छोटा सा किरदार हेलन ने संजय लीला भंसाली की एक और फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में किया। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम मिसेज रोजलीन रहा। हेलन के इस किरदार की खास बात यह रही कि वह इस फिल्म में अपने सौतेले बेटे सलमान खान की मां बनीं। जब फिल्म में समीर नंदिनी से अलग हो जाता है तो उसके जीने का सहारा सिर्फ उसकी मां ही बचती हैं। समीर उन्हीं के कंधे पर सिर रखकर आंसू बहाता है। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय, सलमान खान, अजय देवगन, आदि कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

पढ़ें: जब भाई टोनी ने नेहा कक्कड़ को सेल्फी की वजह से लगाई थी डांट, देखिए फनी वीडियो
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें