फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

B’Day Spl: रामू ने जिस एक्टर को बनाया मुंबई का किंग, इन 10 फिल्मों से होकर वो फिर बना बिहार का लाला

Thu, 23 Apr 2020 08:25 AM IST
शिप्रा सक्सेना अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
Manoj Bajpai - फोटो : Mumbai, Amar Ujala
कोरोना काल में किस्मत के धनी अभिनेता मनोज बाजपेयी अपना जन्मदिन इस बार परिवार के साथ नैनीताल में मना रहे हैं। वह पहुंचे तो थे यहां एक फिल्म की शूटिंग करने लेकिन अचानक घोषित हुए लॉकडाउन में वह उत्तराखंड में ही फंस गए। मनोज बाजपेयी का जीवन ऐसी तमाम आकस्मिक घटनाओं से भरा रहा है। उन्होंने तमाम अपमान सहा, तमाम जगहों पर दुत्कारे गए लेकिन वह अपने पथ से डिगे नहीं। आज उनकी गिनती हिंदी सिनेमा के मौजूदा दमदार कलाकारों की पहली पंक्ति में होती है। एनएसडी में उन्होंने थिएटर भी पढ़ाया है, ये और बात है कि इसी एनएसडी में एडमीशन के लिए उन्होंने ठोकरे भी खूब खाईं। अपने अभिनय के लिए अब तक दो नेशनल और चार फिल्मफेयर अवार्ड्स जीत चुके मनोज को जन्मदिन की ढेर बधाई और चलिए अब जानते हैं उनकी अभिनय यात्रा के उन मील के पत्थरों के बारे में जिन्होंने बिहार के इस लाला को मुंबई का किंग बना दिया। पिछले साल उनकी वेब सीरीज द फैमिली मैन की खूब चर्चा रही, अगले महीने उनकी पहली वेब फिल्म मिसेज सीरियल किलर रिलीज हो रही है।
विज्ञापन

2 of 11
Manoj Bajpayee - फोटो : सोशल मीडिया

किरदार: पुष्कर
फिल्म: दौड़ (1997)

मनोज बाजपेयी अब तक द्रोहकाल, बैंडिट क्वीन, दस्तक, तमन्ना जैसी फिल्मों में छोटे-मोटे किरदार ही करते आए थे। जब रामगोपाल वर्मा को पता चला कि मनोज ने 'बैंडिट क्वीन' में डकैत मानसिंह का किरदार निभाया है तो वह हैरान रह गए। उन्होंने इस फिल्म में मनोज को काम देने मना कर दिया क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि एक शानदार कलाकार एक मामूली सा किरदार करे। परंतु मनोज को उन दिनों पैसे की जरूरत थी सो उन्होने रामगोपाल वर्मा से ये काम मांगा और रामू ने भी तब मना नहीं किया। साथ ही रामू ने उन्हें फिल्म 'सत्या' की मुख्य भूमिका के लिए भी साइन कर लिया। इस फ्लॉप फिल्म में संजय दत्त और उर्मिला मातोंडकर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

विज्ञापन

3 of 11
Satya - फोटो : Mumbai, Amar Ujala

किरदार : भीकू म्हात्रे
फिल्म : सत्या (1998)

रामगोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी इस शानदार फिल्म में मनोज बाजपेयी गैंगस्टर भीकू म्हात्रे के किरदार में नजर आए। शुरुआत में रामगोपाल ने मनोज को हीरो का किरदार करने के लिए फिल्म में साइन किया। लेकिन, कहानी पूरी होने के बाद रामगोपाल को एहसास हुआ कि इस फिल्म में विलेन पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। इसलिए, उन्होंने बाद में मनोज को भीकू म्हात्रे का किरदार करने के लिए कहा। इस किरदार को निभाने के लिए हिंदी पर अच्छी पकड़ होनी भी जरूरी थी। इस फिल्म में जेडी चक्रवर्ती, उर्मिला मातोंडकर, मनोज बाजपेयी, सौरभ शुक्ला, शेफाली शाह और परेश रावल ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। मनोज का एक्टिंग का पहला नेशनल फिल्म अवार्ड इसी फिल्म के लिए मिला।


 

4 of 11
Shool - फोटो : Mumbai, Amar Ujala

किरदार: इंस्पेक्टर समर प्रताप सिंह
फिल्म: शूल (1999)

सत्या के सुपरहिट होने के बाद मनोज बाजपेयी ने इस फिल्म में दूसरी बार मुख्य भूमिका निभाई। ईश्वर श्रीनिवास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज इंस्पेक्टर समर प्रताप सिंह के किरदार में नजर आए। यह फिल्म राजनीतिज्ञों और अपराधियों के बीच की मिलीभगत, बिहार में राजनीति के बढ़ते अपराधों और इसी बीच एक ईमानदार पुलिस ऑफिसर के जीवन में बढ़ती परेशानियों पर प्रकाश डालती है। शानदार अभिनय के लिए मनोज को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवार्ड से नवाजा गया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित भी किया गया। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ सयाजी शिंदे और रवीना टंडन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए।

विज्ञापन

5 of 11
aks - फोटो : file photo

किरदार : राघवन घाटगे
फिल्म : अक्स (2001)

मनोज बाजपेयी की अमिताभ बच्चन और रवीना टंडन के साथ यह अलौकिक शक्तियों से प्रेरित एक थ्रिलर फिल्म है। राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को मनोज अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक मानते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'इस फिल्म में मैंने ऐसी पटकथा पर काम किया जो हिंदी सिनेमा के लिए एकदम नई है। और मुझे खुशी है कि मैं इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ काम कर पाया। फिल्म में मनोज ने एक हत्यारे की भूमिका निभाई है जो दूसरे के शरीर पर हावी होकर अपराध करवाता है। शानदार अभिनय के लिए मनोज को बेस्ट विलेन के फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित किया गया।

विज्ञापन

6 of 11
manoj bajpayee - फोटो : file photo

किरदार: बाबू
फिल्म: रोड (2002)

राम गोपाल वर्मा के निर्माण में एक बार फिर मनोज बाजपेयी एक साइको किलर बाबू के रूप में नजर आए। फिल्म में विवेक ओबेरॉय और अंतरा माली ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। रजत मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बाबू रोड से गुजरती अरविंद और लक्ष्मी की गाड़ी में लिफ्ट मांगता है। और, बाद में वह उन्हें ही मारना शुरू कर देता है। इस फिल्म में काम करने से पहले मनोज नौ महीने बिल्कुल खाली बैठे हुए थे। फिल्म 'अक्स' के बाद वह एक अच्छी कहानी का इंतजार कर रहे थे। तब जाकर उन्हें यह फिल्म मिली। इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट विलेन के फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित किया गया।

विज्ञापन

7 of 11
pinjar - फोटो : file photo

किरदार: राशिद
फिल्म: पिंजर (2003)

चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बनी इस पीरियड ड्रामा फिल्म में मनोज बाजपेयी राशिद के किरदार में नजर आए। यह फिल्म भारत पाकिस्तान बंटवारे के समय हिंदू और मुस्लिमों के बीच पनपी समस्याओं पर केंद्रित है। फिल्म में शानदार अभिनय के लिए मनोज को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के स्क्रीन अवार्ड के लिए नामित किया गया। लेकिन, मनोज बाजपेयी इस पर नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि वह इस फिल्म के मुख्य अभिनेता हैं तो उन्हें सहायक कलाकार की श्रेणी में कैसे नामांकित किया जा सकता है? इसी फिल्म के लिए उन्हें एक्टिंग का दूसरा नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला।

8 of 11
film loc - फोटो : social media

किरदार: योगेंद्र सिंह यादव
फिल्म: एलओसी कारगिल (2003)

जेपी दत्ता के निर्देशन और निर्माण में बनी यह भारत पाकिस्तान कारगिल युद्ध पर फिल्म में मनोज बाजपेयी ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव के किरदार में नजर आए। जैसे कि यह सेना पर फिल्माई गई फिल्म है इसलिए इसमें हिंदी सिनेमा के अभिनेताओं की भी पूरी टुकड़ी शामिल की गई थी। मुख्य कलाकारों में संजय दत्त, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, अभिषेक बच्चन, सैफ अली खान, अक्कीनेनी नागार्जुन, अक्षय खन्ना, मनोज बाजपेयी, रानी मुखर्जी, करीना कपूर, आशुतोष राणा, ईशा देओल, रवीना टंडन, महिमा चौधरी और प्रीति झंगियानी मौजूद थे। इस भीड़ में भी मनोज ने अपने बेहतरीन अभिनय से सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार के फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामांकन पाया।

9 of 11
Raajneeti - फोटो : Mumbai, Amar Ujala

किरदार: वीरेंद्र प्रताप
फिल्म: राजनीति (2010)

प्रकाश झा के निर्माण और निर्देशन में बनी यह फिल्म हिंदुओं के महाकाव्य महाभारत से प्रेरित बताई जाती है। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी ने वीरेंद्र प्रताप के रूप में दुर्योधन जैसा काम किया है। फिल्म के निर्देशक प्रकाश झा चाहते थे कि मनोज इस फिल्म में वह किरदार करें जिससे अर्जुन रामपाल ने निभाया है। क्योंकि वह किरदार काफी बड़ा था। लेकिन मनोज चाहते थे कि उन्हें वह किरदार चाहिए जो अच्छा हो और उनके सामने चुनौतियां पेश करे। तब उन्हें यह किरदार मिला। इस फिल्म के मुख्य पात्रों में अजय देवगन, रणबीर कपूर, नाना पाटेकर, कैटरीना कैफ, अर्जुन रामपाल, नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

10 of 11
Gangs of Wasseypur - फोटो : Mumbai, Amar Ujala

किरदार: सरदार खान
फिल्म: गैंग्स ऑफ वासेपुर (2012)

अनुराग कश्यप के करियर को उनकी सबसे ऊंचाई तक ले जाने वाली और फिर उनको ढलान पर ले आने फिल्में रहीं गैंग्स ऑफ वासेपुर वन और टू। वासेपुर के बाद अनुराग की बतौर निर्देशक एक भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली। यूं लगा कि जैसे उन्हें किसी का श्राप लग गया है। गैंग्स ऑफ वासेपुर के लिए मनोज बाजपेयी ने अपना सिर मुंडवाया और बन गए सरदार खान। उन्हीं पर फिल्माया गया था मनोज तिवारी का गाया गाना, जिया ओ बिहार के लाला। मनोज तिवारी को ये गाना मसान के निर्देशक नीरज घेवन की सिफारिश पर मिला था। इस किरदार के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नामित भी किया गया।

विज्ञापन

11 of 11
Aligarh - फोटो : Mumbai, Amar Ujala

किरदार: रामचंद्र सिरस
फिल्म: अलीगढ़ (2016)

हंसल मेहता के निर्देशन में बनी रामचंद्र सिरस की बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म में भी मनोज बाजपेयी ने शानदार काम किया। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के एक समलैंगिक प्रोफेसर के किरदार में नजर आए। दुनिया से अलग थलग पड़े प्रोफेसर के किरदार को मनोज ने इतने शानदार तरीके से निभाया कि उनके अभिनय की चर्चाएं दूर दूर तक हुईं। इस फिल्म के लिए मनोज को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के बेस्ट क्रिटिक फिल्मफेयर अवार्ड से नवाजा गया। साथ ही उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का एशिया पेसिफिक स्क्रीन अवार्ड भी मिला।

सोनू निगम की गिरफ्तारी की मांग के बीच समर्थन में कूदे अदनान सामी, बोले- वो मेरे सच्चे भाई हैं

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें