आशा भोसले और सोहनी महिवाल पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
राजेश खन्ना के साथ बननी थी ‘सोहनी महिवाल’
और, सिर्फ अनुपमा देशपांडे ही क्यों ये फिल्म तो इसके हीरो, हीरोइन और यहां तक कि इसकी सीनियर हीरोइन तक के लिए किस्मत का ऐसा ही खेल रही। गिनती के लोगों को ही पता होगा कि फिल्म ‘सोहनी महिवाल’ बननी थी उस समय के सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ। बी आर चोपड़ा उन दिनों पंजाब पहुंचे हुए थे अपनी फिल्म ‘कर्म’ की शूटिंग करने। वहीं उनको ‘सोहनी महिवाल’ पर पंजाबी में एक फिल्म बनाने का आइडिया आया। राजेश खन्ना से उन्होंने जिक्र किया तो वह भी चहक उठे। रूमानियत के राजकुमार को ऐसी ही एक कहानी बेसब्री से इंतजार भी था। फिर फोन गया नीतू सिंह के पास तो वह भी झट से तैयार हो गईं। बी आर चोपड़ा ने वहीं आनन फानन अगले दो तीन दिन में फिल्म ‘सोहनी महिवाल’ बनाने का एलान कर दिया। फिल्म का मुहूर्त शॉट भी उन्होंने पंजाब के तब के मुख्यमंत्री ज्ञानी जैल सिंह को मुख्य अतिथि बनाकर शूट कर लिया। फिर चोपड़ा साब बंबई लौटे। अपनी फिल्म ‘कर्म’ की रिलीज में लग गए। फिल्म जैसी वह सोच रहे थे, वैसी चली नहीं। इसी के बाद बी आर चोपड़ा ने राजेश खन्ना के साथ बनने वाली ‘सोहनी महिवाल’ का किस्सा भी वहीं खत्म कर दिया।