गुलामी से आजादी तो मिली, मगर...
आमिर खान प्रोडक्शंस के इंस्टाग्राम अकाउंट से टीजर जारी किया गया है। बंटवारे की त्रासदी को दिखाते हुए बैकग्राउंड में आवाज चल रही है, 'हिंदुस्तान, जिसे बड़े संघर्ष और कुर्बानियों के बाद 200 साल की गुलामी से आजादी तो मिली, मगर अफसोस कि मुल्क का बंटवारा हो गया। मजहब के नाम पर इंसानियत की हत्या हो रही थी'। इसके बाद टीजर में बंटवारे के वक्त के उन दिल दहला देने वाले दृश्यों को दिखाने की कोशिश की गई है। बैकग्राउंड आवाज आमिर खान की है।
इंसानियत का पाठ पढ़ाने आए सनी देओल
बंटवारे के वक्त के मार्मिक सीन हैं। हर तरफ खून-खराबा है। विभाजन के हाहाकार वाले मंजर के बीच सनी देओल की एंट्री होती है। इसी के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल और अली फजल की झलक दिखाई गई है। ये सभी उन नायकों के रोल निभा रहे हैं, जो बंटवारे की उस बिखरी दुनिया में हिम्मत दिखा रहे थे और इंसानियत की मिसाल पेश कर पाए।
'बंटवारा' में सनी देओल
- फोटो : इंस्टाग्राम
कब रिलीज होगी फिल्म?
टीजर में भगत सिंह, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, जवाहर लाल नेहरू आदि के पोस्टर दिखाए गए हैं। बता दें कि बीते दिन मेकर्स ने फिल्म के किरदारों से पर्दा उठाया था। इस फिल्म में अभिनेत्री शबाना आजमी दुर्गावती देवी (माई) के रूप में नजर आईं हैं। सनी देओल सिकंदर मिर्जा के रूप में हैं। प्रीति जिंटा को हमीदा बेगम और करण देओल को जावेद मिर्जा के रोल में देखा जाएगा। वहीं, अली फजल हबीब अनवर के रूप में नजर आएंगे। इस फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। वहीं, निर्देशन की कमान राजकुमार संतोषी ने संभाली है। 'बंटवारा 1947' इस साल 14 अगस्त से सिनेमाघरों में लगेगी।