दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन से पूरा संगीत और फिल्म जगत शोक में डूब गया है। परिवार और मित्र उनके अंतिम संस्कार के लिए एकत्रित हो रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर 'मोदी आर्काइव' ने इस महान गायिका के जीवन को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्षों में हुई उनकी बातचीत को साझा किया है। पोस्ट में वर्षों पहले हुई पहली मुलाकात का जिक्र है, जिसने उनके रिश्ते की नींव रखी। साथ ही आशा भोसले के पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर दी गई शुभकामनाओं और तारीफ के बारे में भी बताया गया है।
आशा भोसले ने किया था पीएम मोदी को कॉल
मोदी आर्काइव में आशा भोसले की पीएम मोदी से पहली बातचीत का जिक्र करते हुए बताया गया कि आशा भोसले ने नरेंद्र मोदी को कॉल किया था और कहा था, ‘नमस्कार, मैं आशा भोसले बोल रही हूं। केम छो?’ नरेंद्र मोदी जोर से हंसे। वो इस कॉल से बेहद खुश और सचमुच हैरान थे। पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘आशा भोसले ने पहले कॉल किया था। उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आठ दशकों में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए। फिर भी उन्होंने एक ऐसे मुख्यमंत्री को फोन किया जिनसे वो कभी नहीं मिली थीं। उन्होंने कहा कि गुजरात की प्रगति उनका फर्ज है, उनका कर्तव्य है।