फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2024: खलनायकी में लोकप्रिय रहे हिंदी सिनेमा के ये 10 सितारे, देखिए कौन बना विलेन नंबर वन

सार

साल 2024 में रिलीज हिंदी फिल्मों के खलनायकों में कौन सा विलेन रहा नंबर वन, हमने जानने की कोशिश की अपने पाठकों से और नतीजा कुछ ऐसा रहा।
विज्ञापन
1 of 11
साल 2024 के खलनायक - फोटो : अमर उजाला

साल 2025 आने को है, और साल 2024 जाने को है। गुजरता साल अपनी तमाम यादें हिंदी फिल्म दर्शकों के लिए भी छोड़े जा रहा है और इन यादों में एक याद उन खतरनाक किरदारों की भी है जिनके जरिये फिल्म निर्देशकों ने आतंक का माहौल बनाने की कोशिशें की। कुछ कोशिशें कामयाब रहीं तो कुछ नहीं भी रहीं। लेकिन अभिनय का कारोबार है ही ऐसा। साल 2024 में रिलीज हिंदी फिल्मों के खलनायकों में कौन सा विलेन रहा नंबर वन, हमने जानने की कोशिश की अपने पाठकों से और नतीजा कुछ ऐसा रहा। शुरुआत करते हैं, विलेन टॉप 10 की इस लिस्ट में नंबर 10 से..

विज्ञापन

2 of 11
पृथ्वीराज सुकुमारन (बड़े मियां छोटे मियां) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

10. पृथ्वीराज सुकुमारन (बड़े मियां छोटे मियां)
साल की चर्चित फिल्मों में शुमार रही निर्देशक अली अब्बास जफर की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की मेकिंग में अगर इसके निर्माताओं वाशु भगनानी और जैकी भगनानी की इतनी ज्यादा दखलंदाजी न होती तो शायद ये फिल्म भी अली की पिछली फिल्मों की तरह एक हिट फिल्म साबित होती। फिल्म की मेकिंग के दौरान ही अनबन शुरू हुई और इसका असर फिल्म के नतीजे पर पड़ा लेकिन इन सबके बावजूद अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने इस फिल्म में डॉ. कबीर और एकलव्य के क्लोन के रूप में दर्शकों को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की।

विज्ञापन

3 of 11
अर्जुन कपूर (सिंघम रिटर्न्स) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

9. अर्जुन कपूर (सिंघम रिटर्न्स)
अर्जुन कपूर का ‘सिंघम रिटर्न्स’ में खलनायक अवतार चूंकि फिल्म की रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गया लिहाजा फिल्म देखने पहुंचे लोगों को इसमें कोई सरप्राइज नजर नहीं आया। अर्जुन कपूर की बतौर हीरो पिछली फिल्म 'लेडी किलर’ का जो हश्र हुआ, वह सब जानते ही हैं। यहां भी अर्जुन ने अपनी हीरो की छवि को तोड़ एक डैंजर लंका के रोल में नजर आए लेकिन निर्देशक रोहित शेट्टी की सितारों की ये पूरी बरात हल्की रही और फिल्म की तरह ही अर्जुन कपूर का अभिनय भी सफल नहीं हो सका।

4 of 11
विजय कृष्णा (बस्तर-द नक्सल स्टोरी) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

8. विजय कृष्णा (बस्तर-द नक्सल स्टोरी)
अर्जुन कपूर से बेहतर पोजीशन में साल 2024 में अभिनेता विजय कृष्ण रहे जिनकी फिल्म ‘बस्तर द नक्सल स्टोरी’ में उनके किरदार लंका रेड्डी की भूमिका पर खूब बातें हुई। लेखक अमर नाथ झा ने इस किरदार को फिल्म में कुछ इस तरह गढ़ा कि फिल्म की हीरोइन इंदिरा तिवारी के बाद सबसे ज्यादा फोकस में विजय ही रहे। फिल्म को अगर एक मां-बेटे की कहानी के तौर पर बनाया गया होता तो ये फिल्म जरूर हिट होती, लेकिन निर्देशक सुदीप्तो सेन की फिल्म का संतोष यही रहा कि इस फिल्म ने एक ज्वलंत राष्ट्रीय मुद्दे को मुख्यधारा की चर्चा में ला दिया।

विज्ञापन

5 of 11
गुलशन देवैया (उलझ) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

7. गुलशन देवैया (उलझ)
अभिनेता गुलशन देवैया ने इस साल अपनी वेब सीरीज ‘बैड कॉप’ से खूब नाम कमाया। बड़े परदे पर उन्हें फिल्म ‘उलझ’ में विलेन बनने का मौका मिला। लेकिन, चूंकि उनका मुकाबला यहां किसी हीरो की बजाय एक हीरोइन (जान्हवी कपूर) से था तो एक कमजोर नायिका के सामने उनका किरदार दमदार होते हुए भी ज्यादा उभर नहीं पाया। दोनों के बीच का ऑफ स्क्रीन तनाव भी फिल्म में नजर आया। फिर भी, टॉप 10 विलेन की लिस्ट में अमर उजाला के पाठकों ने उन्हें भी शामिल किया है।

विज्ञापन

6 of 11
राज अर्जुन (युधरा) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

6. राज अर्जुन (युधरा)
बीते 22 साल से लगातार अभिनय तपस्या कर रहे अभिनेता राज अर्जुन के अभिनय की असली दमक लोगों ने दो साल पहले फिल्म ‘थलाइवी’ में देखी और इस साल उनके अभिनय का उत्कर्ष दर्शकों ने फिल्म ‘आर्टिकल 370’, ‘रजाकार’ और ‘युधरा’ में देखा। राज अर्जुन ने ये कहानियां ऐसी चुनीं जिनमें उनका किरदार कभी फोकस में नहीं रखा गया जबकि अगर तीनों कहानियां उनके किरदार को केंद्र में रखकर बुनी जातीं तो मसला कुछ और ही बनता। फिर भी वह ‘अमर उजाला’ की साल 2024 की टॉप 10 विलेन की लिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रहे।

विज्ञापन

7 of 11
जैकी श्रॉफ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

5. जैकी श्रॉफ (बेबी जॉन)
67 साल के हो चुके जैकी श्रॉफ ने नवोदित निर्देशक कालीस की फिल्म ‘बेबी जॉन’ में खलनायकी का एक नया रूप हिंदी सिनेमा के दर्शकों को दिखाया। रौद्र, भयानक और वीभत्स तीनों रसों के सम्मिश्रण से गढ़ा गया उनका किरदार अपने रूप रंग से वितृष्णा पैदा करता है और बस इसी एक कमी के चलते उनके किरदार की दहशत इस फिल्म में नहीं बन पाती है। उनके सामने हीरो भी वरुण धवन जैसा चॉकलेट बॉय रखा गया।

8 of 11
विक्रांत मैसी (सेक्टर 36) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

4. विक्रांत मैसी (सेक्टर 36)
अभिनेता विक्रांत मैसी की तारीफ वैसे तो होनी चाहिए थी उनकी एजेंडा फिल्म ‘साबरमती रिपोर्ट’ को लेकर लेकिन वह इस साल सुर्खियों में रहे अपनी फिल्म ‘सेक्टर 36’ को लेकर। निठारी कांड पर बनी इस फिल्म में विक्रांत ने जो किया है, वह साधारण इंसान के देखने के बस का नहीं है। बेहद घिनौनी भूमिका में दिखे विक्रांत मैसी के इस किरदार ने ये तो स्थापित किया कि अगर विक्रांत को कैमरे के सामने किरदार से खेलने का मौका मिले तो वह उसमें अपनी जान लगा सकते हैं।

9 of 11
अभिषेक बनर्जी (वेदा) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

3. अभिषेक बनर्जी (वेदा)
अपनी ऑफ स्क्रीन इमेज के चलते हमेशा ब्रांडिंग में मात खाने वाले अभिनेता अभिषेक बनर्जी के लिए साल 2024 बेहतरीन हो सकता था, अगर उनकी विलेन की भूमिका वाली फिल्म ‘वेदा’ हिट हो जाती। निर्देशक निखिल आडवाणी ने उन्हें नई सदी का ‘ठाकुर’ बनाकर पेश भी किया। लेकिन कुछ फिल्म की रिलीज से पहले जॉन अब्राहम की गलतियां और कुछ फिल्म की जातिवाद पर आधारित थीम, दोनों इस फिल्म की सफलता पर भारी पड़ गए। हालांकि इसके बावजूद अभिषेक साल के टॉप 10 विलेन की लिस्ट की टॉप थ्री पोजीशन में नंबर तीन पर आने में कामयाब रहे।

10 of 11
राघव जुयाल (किल) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

2. राघव जुयाल (किल)
साल 2024 में नंबर दो पर जो कलाकार अपनी खलनायकी के चलते लोकप्रिय रहा, वह है छोटे परदे का खुशनुमा ख्याल यानी कि राघव जुयाल। साल का हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा सरप्राइज अगर माना जाए तो फिल्म ‘किल’ ही रही। ‘किल बिल’ से भी ज्यादा खून खराबे वाली इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में एक नई श्रेणी की शुरुआत की है। फिल्म के निर्देशक निखिल भट ने राघव को उनकी प्रचलित छवि से बिल्कुल अलग एक निर्दयी और खतरनाक ट्रेन लुटेरे के किरदार में पेश किया और राघव ने अपने प्रशंसकों को निराश भी नहीं किया।

विज्ञापन

11 of 11
आर माधवन (शैतान) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
1. आर माधवन (शैतान)
और, साल 2024 के विलेन नंबर वन का खिताब सजता है उन अभिनेता आर माधवन के सिर जिन्होंने अभी हाल ही बेस्ट फिल्म का नेशनल अवार्ड अपने निर्देशन में बनी फिल्म ‘रॉकेट्री’ के लिए जीता है। माधवन की छवि हिंदी सिनेमा में एक बहुत ही अपने से अभिनेता की रही है और फिल्म ‘शैतान’ में जो कुछ उन्होंने किया, उसने न सिर्फ दर्शकों को भीतर तक हिला दिया, बल्कि इस फिल्म को भी एक सुपरहिट फिल्म बना दिया। विकास बहल का ये प्रयोग हिंदी सिनेमा का साल 2024 का सबसे बड़ा प्रयोग बना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें