फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Akshay Kumar: ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के 350 करोड़ पानी में, इन पांच फिल्मों में अब हजार करोड़ और दांव पर

Tue, 30 Apr 2024 05:00 PM IST
साक्षी अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 8
अक्षय कुमार - फोटो : अमर उजाला
साल 1987 में रिलीज हुई फिल्म ‘आज’ में कराटे प्रशिक्षक की एक छोटी सी भूमिका में नजर आए अभिनेता अक्षय कुमार का बतौर हीरो साल 1991 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘सौगंध’ के बाद से अब तक फिल्म निर्माताओं के बीच क्रेज बना हुआ है। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर चलें न चलें, फिल्म निर्माता फिल्मों के अन्य अधिकारों से अपने पैसे वसूल ही लेते हैं। और, यही वजह है कि इस साल फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के सुपरफ्लॉप होने के बावजूद उनकी पांच और फिल्में रिलीज की कतार में हैं। अक्षय की एक साल में छह या उससे ज्यादा फिल्मे रिलीज होने का ये आठवां मौका बनेगा।
विज्ञापन

2 of 8
अक्षय कुमार - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘खिलाड़ी’ सीरीज की पहली ही फिल्म के 1992 में हिट होने के बाद इसके अगले साल अक्षय कुमार की छह फिल्में सिनेमाघरों मे रिलीज हुई थीं। उसके अगले साल यानी साल 1994 में तो अक्षय ने एक तरह का रिकॉर्ड ही बना दिया, जब उनकी 11 फिल्में 12 महीनों के भीतर रिलीज हो गईं। उसके बाद उनकी एक साल में छह या उससे अधिक फिल्में साल 1997, 2004, 2005, 2006 और साल 2022 में रिलीज हो चुकी हैं। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ के बाद से वह बॉक्स ऑफिस पर आधा दर्जन फ्लॉप फिल्में कतार से दे चुके हैं, लेकिन निर्माताओं के बीच उनका क्रेज कम होने का नाम ही नहीं ले रहा।
विज्ञापन

3 of 8
बड़े मियां छोटे मियां - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इस साल अब तक रिलीज हुई फिल्मों में सबसे बड़े बजट की फिल्म रही ‘बड़े मियां छोटे मियां’ का हाल पहले दिन से बेहाल रहा है। करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को हिट की कतार में लगने के लिए कम से कम 70 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेनी चाहिए थी, लेकिन इतनी रकम ये फिल्म रिलीज के तीसरे हफ्ते में आने के बाद भी नहीं जुटा सकी है। और, साल की इतनी खराब शुरुआत के बाद अक्षय की इस साल रिलीज के लिए प्रस्तावित पांच और फिल्मों का भविष्य भी अधर में दिखाई दे रहा है।

4 of 8
सरफिरा - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अक्षय कुमार की अगली रिलीज होने वाली फिल्म है, ‘सरफिरा’। ये फिल्म 12 जुलाई को रिलीज के लिए प्रस्तावित है। तमिल फिल्म ‘सूराराई पोट्रू’ की आधिकारिक हिंदी रीमेक के तौर पर बनी इस फिल्म का निर्देशक मूल फिल्म की निर्देशक सुधा कोंगारा ने ही किया है। तमिल फिल्म ‘इरुदि सुत्रु’ (हिंदी में ‘साला खड़ूस’) से चर्चा में आईं सुधा की ये फिल्म अरसे से रिलीज की कतार में है। फिल्म का काम साल भर पहले ही पूरा हो चुका है और माना जा रहा था कि फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ इसकी रिलीज के लिए अच्छा मौहाल बना पाएगी।
विज्ञापन

5 of 8
खेल खेल में - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘सरफिरा’ के बाद अक्षय कुमार की फिल्म ‘खेल खेल में’ 6 सितंबर को रिलीज होना प्रस्तावित है। ‘हैपी भाग जाएगी’ के निर्देशक मुदस्सर अजीज की इस फिल्म में अक्षय कुमार की हीरोइन तापसी पन्नू है जिनका बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड भी बहुत अच्छा नहीं रहा है। इस दोनों के अलावा फिल्म ‘खेल खेल में’ वाणी कपूर, एमी विर्क, आदित्य सील, प्रज्ञा जायसवाल और फरदीन खान भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। ‘हीरामंडी’ से कैमरे के सामने वापसी कर रहे फरदीन खान को लेकर ‘खेल खेल में’ के निर्माताओं ने दो दिन पहले अपनी ये फिल्म सुर्खियों में लाने की कोशिश भी की।
विज्ञापन

6 of 8
स्काई फोर्स - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
‘सरफिरा’ और ‘खेल खेल में’ के बाद गांधी जयंती 2 अक्तूबर को रिलीज होगी अक्षय कुमार की एक और फिल्म ‘स्काई फोर्स’। पुलवामा हमले के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक पर बनी तमाम फिल्मों और सीरीज के अपना असर न छोड़ पाने के साल में फिल्म ‘स्काईफोर्स’ पाकिस्तान में भारत की पहली एयरस्ट्राइक की कहानी दिखाने की तैयारी में है। ये हमला भारतीय वायुसेना ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सरगोधा एयरबेस पर किया था। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सारा अली खान हीरोइन हैं, जिनका करियर हिंदी सिनेमा में करीब करीब हाशिये पर पहुंच चुका है। जियो स्टूडियोज और उसकी सहयोगी कंपनी मैडॉक फिल्म्स ने ये पिक्चर बनाई है और इसकी भी शूटिंग पूरी हो चुकी है।
विज्ञापन

7 of 8
सिंघम अगेन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अक्षय कुमार की जिस एक फिल्म से सभी को बहुत उम्मीदें हैं, वह फिल्म है ‘सिंघम अगेन’। रोहित शेट्टी यूनिवर्स की इस फिल्म के हीरो तो अजय देवगन हैं, लेकिन इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार अपना किरदार सूर्यवंशी और रणवीर सिंह अपना किरदार सिम्बा निभाते नजर आएंगे। फिल्म में टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण की भी रोहित शेट्टी पुलिस यूनिवर्स में एंट्री होने जा रही है। ये फिल्म पहले 15 अगस्त को ही रिलीज होने वाली थी, लेकिन इस दिन रिलीज हो रही अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ को लेकर बने क्रेज के चलते इसकी रिलीज अब दिवाली तक आगे खिसका दी गई है।
विज्ञापन

8 of 8
वेलकम टू द जंगल - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
और, अक्षय कुमार की इस साल रिलीज के लिए जो आखिरी फिल्म प्रस्तावित है, उसका नाम है, ‘वेलकम टू द जंगल’। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की इस तीसरी फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कोई दो दर्जन सितारे हैं और फिल्म का निर्देशन उन्हीं अहमद खान के पास है जो ‘बागी 3’, ‘हीरोपंती 2’ और ‘राष्ट्रकवच ओम’ जैसी फिल्मों में फ्लॉप की हैट्रिक लगा चुके हैं। अक्षय ने हाल ही में एक तेलुगू फिल्म ‘कन्नप्पा’ की शूटिंग भी की है जिसमे वह कैमियो रोल करते दिखेंगे। इस फिल्म की रिलीज अभी तय नहीं है। अक्षय कुमार की एक और फिल्म ‘शंकरा’ की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। 1897 में कांग्रेस अध्यक्ष रहे और ‘गांधी एंड एनार्की’ नामक किताब लिखने वाले सी शंकरन नायर पर बनी इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता आर माधवन भी अहम किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म को अभी तक वितरक ही नहीं मिले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें