साल 2024 कारोबारी लिहाज से तो हिंदी सिनेमा के लिए ‘स्त्री 2’ और ‘भूल भुलैया 3’ में कमाई के नए कीर्तिमान बनाने में कामयाब रहा ही, इस साल तमाम ऐसे चेहरों ने भी अपनी मौजूदगी कैमरे के सामने दर्ज कराई जिनका हिंदी सिनेमा के फिल्मी परिवारों से दूर दूर तक कोई नाता नहीं रहा। फिल्मी परिवारों के बच्चों से दूरी बनाते दर्शक हालांकि सीधे ओटीटी पर रिलीज फिल्म ‘महाराज’ में आमिर खान के बेटे जुनैद की अदाकारी से खासे प्रभावित दिखे, लेकिन उनका बड़े परदे पर इम्तिहान नए साल में होना है। आइए आपको बताते हैं साल 2024 के उन नए चेहरों के बारे में जिन पर आन वाले दिनों में दर्शकों की नजरें टिकी रहेंगी, शुरुआत करते हैं, नंबर 10 पर मौजूद अभिनेत्री कीर्ति सुरेश से..
10. कीर्ति सुरेश (बेबी जॉन)
साउथ सिनेमा की चर्चित हीरोइन कीर्ति सुरेश ने साल 2024 में फिल्म ‘बेबी जॉन’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया और उनकी पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर फ्लॉप रही। कीर्ति सुरेश इसके बावजूद लोगों की निगाह में आईं तो इसलिए क्योंकि उनकी पूरी स्टाइलिंग, मेकअप और ड्रेस दर्शकों को बिल्कुल आलिया भट्ट जैसी नजर आई।
विज्ञापन
3 of 11
इश्क विश्क रिबाउंड
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
09. जिब्रान खान (इश्क विश्क रिबाउंड)
फिल्म ‘इश्क विश्क रिबाउंड’ से डेब्यू करने वाले नए चेहरों में जिब्रान खान की चर्चा इस फिल्म की रिलीज के दौरान सबसे ज्यादा हुई। जिब्रान ने निर्देशक अयान मुखर्जी के साथ फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के सेट पर लंबा समय बतौर सहायक निर्देशक बिताया है और इसके पहले वह फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘रिश्ते’ और ‘क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता’ जैसी फिल्मों में बतौर बाल कलाकार नजर आ चुके हैं।
4 of 11
लापता लेडीज
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
08. प्रतिभा रांटा (लापता लेडीज)
आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म ‘लापता लेडीज’ से एक साथ तीन कलाकारों का बड़े परदे पर डेब्यू हुआ। ‘कुर्बान हुआ’ और ‘आधा इश्क’ नामक धारावाहिकों में नजर आ चुकीं शिमला, हिमाचल प्रदेश की प्रतिभा रांटा को ‘लापता लेडीज’ में अपनी अदाकारी दिखाने का अच्छा मौका मिला हालांकि उनका किरदार फिल्म की दूसरे कलाकारों की तुलना में कमजोर रहा। प्रतिभा रांटा इसके अलावा इस साल संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ में भी नजर आईं।
विज्ञापन
5 of 11
अजय देवगन और जानकी बोदीवाला
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
07. जानकी बोदीवाला (शैतान)
जानकी बोदीवाला की हिंदी सिनेमा में बोहनी फिल्म ‘शैतान’ से हुई है। जिस गुजराती फिल्म की फिल्म ‘शैतान’ रीमेक है, उसमें भी जानकी ने वही किरदार निभाया था, जो उन्होंने फिल्म ‘शैतान’ में निभाया है। फिल्म का प्रचार प्रसार औसत रहा और फिल्म ने अजय देवगन की फीस मिलाकर बनी इसकी लागत से कम कारोबार ही बॉक्स ऑफिस पर किया। फिल्म का दूसरा भाग बनाने का एलान तो हुआ है लेकिन पहली ही फिल्म का कारोबार देखते हुए इसका सीक्वल बनने के आसार कम ही हैं।
विज्ञापन
6 of 11
ऋषभ साहनी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
06. ऋषभ साहनी (फाइटर)
फिल्म ‘फाइटर’ साल 2024 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही। ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण दोनों के प्रशंसक दोनों को परदे पर एक साथ देखने के लिए अरसे से बेताब रहे हैं लेकिन दोनों की साथ में ये पहली फिल्म ही फ्लॉप रही। फिल्म से ऋषभ साहनी नामक एक नए चेहरे ने डेब्यू किया। फिल्म में उनका किरदार अजहर अख्तर का है और उनका भविष्य हिंदी सिनेमा में उज्ज्वल नजर आता है।
विज्ञापन
7 of 11
इश्क विश्क रिबाउंड
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
05. पश्मीना रोशन (इश्क विश्क रिबाउंड)
साल 2024 में बड़े परदे पर नजर आए नए चेहरों में रोशन परिवार की बेटी पश्मीना को लोगों ने काफी पसंद किया। फिल्म ‘इश्क विश्क रिबाउंड’ में वह पूरी तैयारी के साथ कैमरे के सामने उतरीं और फिल्म का हाल भले बॉक्स ऑफिस पर बेहाल रहा हो लेकिन पश्मीना के आत्मविश्वास की ये फिल्म देखने वाले अधिकतर दर्शकों ने तारीफ ही की।
8 of 11
लापता लेडीज की टीम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
04. स्पर्श श्रीवास्तव (लापता लेडीज)
धारावाहिक ‘बालिका वधू’ से चर्चा में आए डांस रियलिटी शो ‘चक धूम धूम’ के विनर स्पर्श श्रीवास्तव के अभिनय की सराहना ‘जामताड़ा’ सीरीज में भी खूब हुई है। ‘कॉलर बम’ उनकी पहली हिंदी फीचर फिल्म है लेकिन वह सीधे ओटीटी पर रिलीज हो गई। बड़े परदे पर उनकी बोहनी फिल्म ‘लापता लेडीज’ से हुई है।
9 of 11
हार्दिक सोनी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
03. हार्दिक सोनी (औरों में कहां दम था)
निर्देशक नीरज पांडे की फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ में बतौर विलेन बड़े परदे पर लीड डेब्यू करने वाले हार्दिक सोनी इस फिल्म के इकलौते कलाकार हैं, जो कहानी के दोनों कालखंडों में मौजूद रहे। अजय देवगन जैसे कद्दावर अभिनेता के सामने भी डटकर खड़े रहे पक्या के रोल में हार्दिक ने काफी मेहनत की और उनके अभिनय की चर्चा हिंदी सिनेमा में साल 2024 में खूब हुई। हार्दिक का रंगमंच का अनुभव भी उनके खूब काम आता रहा है। वह साल 2024 के नए चेहरों की टॉप 10 लिस्ट के चोटी के तीन सितारों में शामिल हैं।
10 of 11
जुनैद खान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
02. जुनैद खान (महाराज)
नए चेहरों के मामले में आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने फिल्म ‘महाराज’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। आजादी से पहले की ये कहानी बहुत ही संवेदनशील विषय पर बनी है और इसे लेकर खूब विवाद भी हुए। अदालत के आदेश पर ये फिल्म रिलीज हुई और इसमें एक स्वतंत्र पत्रकार के किरदार में जुनैद ने काबिले तारीफ काम किया है।
01. लक्ष्य लालवानी (किल)
और, टीवी की बगिया से निकला जो फूल इस साल हिंदी सिनेमा में सबसे अच्छा महका, वह रहे अभिनेता लक्ष्य लालवानी। दिल्ली के रहने वाले लक्ष्य लालवानी ने छोटे परदे पर खूब नाम कमाया है। फिल्मों में उनकी बोहनी निर्देशक निखिल नागेश भट की फिल्म ‘किल’ से हुई हैं। वीभत्स, रौद्र और भयानक, इन तीनों रसों को लक्ष्य ने इस फिल्म में बिल्कुल साकार रूप में जिया है।