फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, साइकिल से किया 15 हजार कि.मी का सफर 

Mon, 18 Sep 2017 02:56 PM IST
amarujala.com- Presented by: किरण सिंह
विज्ञापन
pradeep rana
विज्ञापन
बुलंद हौसलों से आसमान को छूने के जज्बे के साथ साइकिल यात्रा पर निकले ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदीप राणा ने 15 हजार 261 किलोमीटर का सफर करके एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। प्रदीप राणा ने साइकिल से सबसे लम्बी दूरी तय करने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके बाद भी प्रदीप की साइकिल यात्रा रूकी नहीं है।
विज्ञापन

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के बीएससी (आई.टी.) के छात्र प्रदीप ने 116 दिन पहले विश्वविद्यालय परिसर से यह साइकिल अभियान शुरू किया था। कुलपति डॉ. संजय जसोला ने हरी झंडी दिखाकर प्रदीप को इस अभियान पर रवाना किया था। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के गरूण क्षेत्र के निवासी प्रदीप राणा एक साधारण परिवार से हैं।

करीब 15 राज्यों से होकर गुजरे

साइकिल यात्रा के दौरान कई तरह के खट्टे मीठे अनुभवों से दो चार होते हुए प्रदीप आज हिमाचल प्रदेश के पालमपुर पहुंच गए हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, नागालैंड,
विज्ञापन

सिक्किम, कर्नाटक, मेघालय, असम, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों का सफर किया है। 

जब वन्य जीवों से हुआ सामना

प्रदीप ने बताया कि साइकिल यात्रा के दौरान कई बार उनका सामना वन्य जीवों से हो चुका है। केरल-कर्नाटक की सीमा पर स्थित  मुदुमलाई वन्य जीव अभ्यारण्य में करीब सौ मीटर की दूरी से हाथियों से उनका सामना हो गया था। एक हफ्ते पहले ही वहां जंगली  हाथी एक व्यक्ति की जान ले चुका था। खामोशी के साथ तेजी से साइकिल चलाकर वह हाथियों से दूर निकल गये।

रोज चलाते थे 130 से 140 किमी. साइकिल

प्रदीप हर रोज 130 से 140 किलोमीटर तक साइकिल चलाते है। अभियान के शुरूआती दिनों में करीब 40 दिन बारिश होने के कारण  उसे कुछ परेशानी जरूर हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में चढ़ाई वाले रास्तों पर एक दिन में बामुश्किल 100 किलोमीटर साइकिल चल पाती है। प्रदीप का कहना कि रास्ते में विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों से जुड़े सभी लोग बहुत प्यार से मिले हैं। तरह तरह के रीति रिवाज और  संस्कृति के लोगों से मिलकर अहसास होता है कि इतनी ज्यादा विभिन्नताएं होने के बावजूद हम सब एक हैं।

संतोष होली का तोड़ा रिकॉर्ड

सफर के दौरान कई बार साइकिल पंचर भी हुई, लेकिन इससे यात्रा पर असर नहीं पड़ा। प्रदीप खुद कुछ ही मिनट में पंचर ठीक कर लेता है। उन्होंने बताया कि प्रसाद इरांडे का 141 दिन में 14,576 किलोमीटर साइकिल चलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर संतोष होली ने वर्ष 2015 में 111 दिन में 15,222 किलोमीटर साइकिल चलाने का विश्व कीर्तिमान स्थापित किया था। गिनीज बुक के संतोष होली के इस रिकॉर्ड को प्रदीप राणा ने तोड़ दिया है। प्रदीप राणा इस अभियान के जरिये 20 हजार किलोमीटर साइकिल चलाने का रिकॉर्ड स्थापित करना चाहते हैं। यह अभियान पूरा करके प्रदीप राणा अक्टूबर के पहले सप्ताह देहरादून पहुंचेंगे।

एरा का पांचवां कीर्तिमान

ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर प्रदीप राणा को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के साथ ही पूरे उत्तराखंड को प्रदीप राणा पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यह ग्राफिक एरा के शिक्षक और छात्रों का पांचवा कीर्तिमान है। इससे पहले विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र- छात्राएं दो वर्ल्ड रिकॉर्ड और दो राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें