मुंबई के श्रद्धा वालकर हत्याकांड में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है। श्रद्धा के पिता के डीएनए सैंपल का बरामद हड्डियों से मिलान हो गया है। सीएफएसएल रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। महरौली और गुरुग्राम के जंगल से मिलीं हड्डियां श्रद्धा की ही थी। आरोपी आफताब अमीन पूनावाला (28) की निशानदेही पर महरौली और गुरुग्राम के जंगलों से दिल्ली पुलिस ने यह हड्डियां बरामद की थीं। इसके बाद सैंपलों को सीएफएसएल लैब भेजा गया था। हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार, 26 नवंबर को ही खुलासा हुआ था कि जंगल में मिली हड्डियां श्रद्धा की ही हैं। श्रद्धा के पिता के ब्लड सैंपल के डीएनए से टाइल्स पर मिले खून और हड्डियों के नमूने का मिलान हो गया था। वहीं दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने श्रद्धा हत्याकांड में विशेष सरकारी वकील की नियुक्त करने के पुलिस के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि श्रद्धा हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस को DNA संबंधित जांच की रिपोर्ट और पोलोग्राफ जांच की रिपोर्ट मिल गई है। जो हमारे तफ्तीश के लिहाज से काफी मददगार साबित होगा, हालांकि इस मामले में हम लोग दो अन्य रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें की नार्को टेस्ट की रिपोर्ट सबसे महत्वपूर्ण है।
जल्द ही हमारी टीम श्रद्धा के उन हड्डियों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने वाले हैं, जिससे उसके पिता के साथ डीएनए मैच हुआ है। श्रद्धा के शव वाले हड्डियों का पोस्टमार्टम एम्स अस्पताल में होगा, जबकि डीएनए टेस्ट संबंधित जांच पड़ताल के लिए हम लोगों ने सीबीआई की फोरेंसिक जांच लैब से मदद ली थी।